मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना साइकिल चलाकर पहुंचे विधानसभा कार्यालय सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय आने-जाने का लिया संकल्प

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की अपेक्षाओं के अनुरूप आज 10, कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से विधानसभा स्थित अपने कार्यालय तक साइकिल से पहुंचे । उन्होंने कहा कि वह प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन अपने कार्यालय आने-जाने के लिए साइकिल का प्रयोग करेंगे।


श्री खन्ना ने कहा कि डीजल एवं पेट्रोल जैसे ईंधनों की बचत करना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है, क्योंकि देश में लगभग 85 से 86 प्रतिशत पेट्रोलियम उत्पादों का आयात विदेशों से करना पड़ता है, जिस पर भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा व्यय होती है।
वित्त मंत्री ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक चुनौतियों को देखते हुए समय की मांग है कि हम ईंधन का न्यूनतम उपयोग करें तथा वैकल्पिक एवं पर्यावरण अनुकूल साधनों को अपनाएं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे यथासंभव साइकिल, सार्वजनिक परिवहन एवं साझा वाहनों का उपयोग कर राष्ट्रहित में अपना योगदान दें।
