बीबीएयू में छात्राओं के लिए एनसीसी नामांकन शुरू, 30 अगस्त तक कर सकेंगी आवेदन
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्राओं के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में नए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय की नियमित छात्राएं निर्धारित आवेदन प्रपत्र भरकर एनसीसी में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकती हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगी आवेदन पत्र
एनसीसी में नामांकन के लिए आवेदन प्रपत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा छात्राएं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, केंद्रीय पुस्तकालय भवन की तीसरी मंजिल स्थित कार्यालय से कार्यालय समय में आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकती हैं। भरा हुआ आवेदन पत्र ई-मेल के माध्यम से भी भेजा जा सकता है।
19 से 22 वर्ष की छात्राएं होंगी पात्र

एनसीसी में प्रवेश के लिए छात्रा की आयु 1 जुलाई 2026 को 19 से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के लिए केवल प्रथम वर्ष की छात्राएं पात्र होंगी। इसके साथ ही चार या पांच वर्षीय पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत द्वितीय वर्ष की छात्राएं भी एनसीसी नामांकन के लिए आवेदन कर सकती हैं।
30 अगस्त तक जमा करना होगा आवेदन
एनसीसी इकाई ने इच्छुक छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 है। नामांकन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए छात्राएं एनसीसी विभाग से संपर्क कर सकती हैं।
