Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

फाल्गुन एकादशी पर गोंडा के श्री श्याम मंदिर में भजनों की गूंज, खाटू श्याम दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गोंडा। फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर शहर के श्री श्याम मंदिर प्रांगण में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में देर रात तक श्रद्धा, संगीत और आस्था का माहौल बना रहा। “श्याम वो मेरे श्याम, मैं तेरा लाडला” और “सुन लो कन्हैया अर्जी हमारी, तारो न तारो मर्जी तुम्हारी” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय भजन गायकों पुनीत बंसल, गोकुल चंद शर्मा, परमानंद शर्मा, अंकित लवी, श्याम बंसल और धवल शर्मा समेत अन्य कलाकारों ने बाबा Khatu Shyam के भजनों से की। भक्तिमय प्रस्तुतियों ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

इसके बाद बनारस की सुप्रसिद्ध भजन गायिका पायल अग्रवाल ने मंच संभाला। उन्होंने “राम रट लें सिया राम रट लें, तेरे काम आएगा, बिगड़ी बनाने हनुमान आएगा”, “अपनी पायल का घुंघरू बना लो मुझे, चरणों से अब लिपटा लो मुझे” और “श्याम के दीवानों कीर्तन करो जमकर, खाटू वाले को आना पड़ जाए” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “ये श्याम की कृपा नहीं तो क्या है” और “म्हारे श्याम जी बंगलों खाटू में” पर पूरा प्रांगण भक्ति में डूब गया।

दिल्ली से आए भजन गायक शिवम–पारस की जोड़ी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। “सिंदूर चढ़ाने से सब काम होता है”, “चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है”, “खाटू बुला रहा है” और “आपकी कृपा से सब काम हो रहा है” जैसे भजनों पर भक्तों ने जोरदार सहभागिता दिखाई। “मन की बाता सांवरिया ने आज सुना कर देख ले” और “देना हो तो दीजिए जनम-जनम का साथ” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ कर दिया।

मंदिर प्रांगण को बाबा खाटू श्याम और Rani Sati Dadi के दरबार के अनुरूप रंग-बिरंगी फूल-पत्तियों और आकर्षक वस्त्र सज्जा से भव्य रूप दिया गया था। म्यूजिक की व्यवस्था अंकित म्यूजिकल ग्रुप ने संभाली। भजन गायिका पायल अग्रवाल का सम्मान श्याम मंदिर महिला मंडल ने किया, जबकि शिवम–पारस की जोड़ी को बलरामपुर के प्रदीप गोयल ने दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सुरेश भावसिंहका, लल्ला मित्तल, सुशील पचेरिया, विमलेश सिंघल, आशीष भावसिंहका, विशाल बंसल, सरोज अग्रवाल, नीलम जैन, प्रेमलता सिंघल, प्रीति अग्रवाल, नीतू गर्ग, भावना सोमानी, रिया अग्रवाल, रोली पचेरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्ति रस में डूबा यह आयोजन देर रात तक श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रहा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------