Top Newsदेशराज्य

पाटलिपुत्र वंदे भारत अब अयोध्या धाम तक जाएगी, सर्वे करा रहा रेलवे

मुजफ्फरपुर से होकर चलने वाली पहली वंदे भारत का जल्द गोरखपुर से अयोध्या धाम तक विस्तार की योजना है। रेलवे बोर्ड इसके लिए गोरखपुर से अयोध्या धाम के साथ पूरे परिचालन सेक्शन का बोर्ड फिजिबिलिटि सर्वे करा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि इसका विस्तार गोरखपुर से अयोध्या धाम तक किया जाये या नहीं। मालूम हो कि 26501/02 गोरखपुर-पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत का परिचालन शुरू हुए करीब तीन महीने होने को हैं। इसके बावजूद इस ट्रेन को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं।

इस बीच कई बार यात्रियों और रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्यों ने ट्रेन के अयोध्या या बनारस तक विस्तार की मांग की थी। इसके बाद रेलवे बोर्ड इसका फिजिबिलिटि सर्वे करा रहा है। इधर, मंडल रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति सदस्य हरीराम मिश्रा ने बताया कि उन्होंने भी इसको लेकर रेलवे बोर्ड को पत्र लिखा था।

उन्होंने बताया था कि परिचालन विस्तार से इस ट्रेन को यात्री मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रेलवे इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। साथ ही इसका एक सर्वे भी करा रहा है। इस सर्वे के बाद परिचालन विस्तार की संभावना अधिक है। वे रेलवे को मुजफ्फरपुर जंक्शन के विकास के साथ प्रीमियम ट्रेनों के परिचालन को लेकर सुझाव शिकायत देते रहते हें। पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं।

दानापुर-जोगबनी 26302 वंदे भारत नियमित चलेगी
दानापुर-जोगबनी 26302 वंदे भारत बुधवार से नियमित चलेगी। यह मंगलवार को छोड़कर हफ्ते में छह दानापुर से और बुधवार को छोड़कर छह दिन जोगबनी से चलेगी। दानापुर से यह ट्रेन शाम 5.10 बजे खुलकर शाम 6.45 बजे मुजफ्फरपुर आएगी और पांच मिनट रुककर रवाना होगी। यह ट्रेन रात 1:20 बजे जोगबनी पहुंचेगी। वहीं, 26301 जोगबनी-दानापुर वंदे भारत अहले सुबह 3.25 बजे जोगबनी से खुलकर सुबह नौ बजे मुजफ्फरपुर आएगी और 11.30 बजे दानापुर पहुंचेगी। यह ट्रेन दानापुर और जोगबनी के बीच 12 स्टेशनों पर रुककर 455 किमी की दूरी तय करेगी।