किरण फाउंडेशन के “एक पौधा माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण एवं शिक्षण सामग्री वितरण सम्पन्न

मोहान (उन्नाव)। किरण फाउंडेशन द्वारा “एक पौधा माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय, मोहान में पौधारोपण एवं निःशुल्क शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दीपेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी (बी.ई.ओ.), हसनगंज रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री समरजीत यादव (चेयरमैन, मोहान), श्री मोहसिन रजा (सभासद, मोहान) तथा श्रीमती गौरी सवारिया (पार्षद एवं संरक्षक, किरण फाउंडेशन) उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर बच्चों को पौधारोपण के पर्यावरणीय लाभ, पेड़ों का मानव एवं अन्य जीव-जंतुओं के जीवन में महत्व तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया।

किरण फाउंडेशन की ओर से स्कूल के सभी 300 बच्चों को निःशुल्क स्टेशनरी एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई। साथ ही बच्चों को चिप्स, फ्रूटी एवं टॉफियां भी भेंट की गईं, जिन्हें पाकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन इंचार्ज शिक्षिका श्रीमती चारुल चन्द्रा ने किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में कम्पोजिट विद्यालय, मोहान के समस्त शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं छात्र/छात्राएँ उपस्थित रहे।
