PM मोदी आज से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर, ASEAN शिखर सम्मेलन में उठेंगे अहम मुद्दे; 122 अरब डॉलर के व्यापार पर भी नजर
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व वाले 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करना है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत की एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर उसकी रणनीति में आसियान की महत्वपूर्ण भूमिका है।2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे भारत और ASEAN
भारत और आसियान ने वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मनाने का फैसला किया है। ऐसे में इस बार के शिखर सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा और सहयोग पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है।
इसके अलावा वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 साल पूरे हो जाएंगे। इसी वर्ष दोनों पक्षों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होंगे।
सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और आसियान देशों के नेता आपसी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 को लागू करने और भविष्य में सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर भी चर्चा होगी।
फिलीपींस के राष्ट्रपति देंगे रात्रिभोज, कई देशों के नेताओं से मिलेंगे मोदी
मनीला पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की शुरुआत फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज से होगी। इसके अगले दिन 23वां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में आपसी संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने और साझा हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।
भारत और आसियान के बीच 122 अरब डॉलर का व्यापार

भारत और आसियान के बीच आर्थिक संबंध भी इस यात्रा के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने विशेष मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि आसियान भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है। दोनों पक्षों के बीच कुल व्यापार करीब 122 अरब डॉलर का है।
उन्होंने कहा कि हिंद महासागर से जुड़े देश के रूप में भारत के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन संबंधों से बदलते भू-राजनीतिक हालात का सामना करने और पूरे एशिया में शांति तथा स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ है इस साल के सम्मेलन की थीम
इस वर्ष आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ यानी भविष्य की राह तय करना रखी गई है। इसका उद्देश्य तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच क्षेत्रीय सहयोग और साझेदारी को आगे बढ़ाना है।
रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान के नेतृत्व वाला आठ नेताओं का एक विशेष मंच है। यहां क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती है। इस वर्ष फिलीपींस इस सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है।
बैठक में विभिन्न देशों के नेता बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय हालात, सुरक्षा चुनौतियों, आपसी सहयोग और एशिया में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
