TET के विरोध में गोंडा से दिल्ली कूच की तैयारी, 4 अप्रैल के धरने में बड़ी भागीदारी का आह्वान

गोंडा में उत्तर प्रदेशीय पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक कंपोजिट विद्यालय महराजगंज में आयोजित की गई, जिसमें आगामी 4 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित विशाल धरना प्रदर्शन को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक का मुख्य एजेंडा टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जनपद गोंडा से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में बनी रणनीति
बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीर विक्रम सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न पदाधिकारियों ने TET को लेकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए आंदोलन को तेज करने पर जोर दिया।
‘काले कानून’ के खिलाफ हर स्तर पर होगा विरोध
जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि TET रूपी काले कानून के विरोध में संगठन जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक आंदोलन करेगा। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर इस संघर्ष में भाग लेने की अपील की।
संघर्ष के दम पर हासिल हुए अधिकार: प्रांतीय लेखाकार
प्रांतीय लेखाकार राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि संगठन ने अपने अधिकार हमेशा संघर्ष के माध्यम से प्राप्त किए हैं और आगे भी हर स्तर पर लड़ाई के लिए तैयार है।

2011 से पूर्व शिक्षकों पर लागू नहीं होता TET: महामंत्री
जिला महामंत्री अजीत कुमार तिवारी ने स्पष्ट किया कि TET का प्रावधान वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर लागू नहीं होता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस संबंध में अध्यादेश लाकर इसे वापस लिया जाए।
कई पदाधिकारियों ने रखे विचार
बैठक को प्रांतीय कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, प्रांतीय संयुक्त मंत्री सुशील कुमार, मुजेहना के अध्यक्ष तोताराम पांडेय, मनकापुर के उपाध्यक्ष देव प्रकाश पांडेय, कटरा बाजार के अध्यक्ष रवि तिवारी और रुपईडीह के अध्यक्ष देव प्रकाश पांडेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद
बैठक में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, जिला संयुक्त मंत्री अमित कुमार पांडेय, मनकापुर अध्यक्ष जनार्दन पांडेय, पंडरी अध्यक्ष चंद्र किशोर वर्मा, मनकापुर मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, बेलसर मंत्री यशवंत पांडेय, नगर क्षेत्र अध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह, झंझरी अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ला, झंझरी मंत्री संजय सिंह, वजीरगंज अध्यक्ष सुशील मिश्रा, कोषाध्यक्ष माधवराम शुक्ला, रुपईडीह कोषाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला, झंझरी कोषाध्यक्ष तेजेन्द्र द्विवेदी, रुपईडीह मंत्री बाल मुकुंद पांडेय सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
