Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

लोकतंत्र पर बढ़ते खतरों को लेकर दिल्ली में मंथन, चंद्रशेखर जन्मशती समारोह में जुटे देश के प्रमुख चिंतक

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जन्मशती के अवसर पर बुधवार को राजधानी दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब के डिप्टी स्पीकर हॉल में “अलोकतांत्रिक प्रवृत्तियों का उभार – देश और दुनिया में” विषय पर विचार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र, संविधान और समकालीन राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समालोचक अशोक वाजपेयी ने अपने संबोधन में कहा कि तानाशाही प्रवृत्तियां हमेशा लोकतंत्र को कमजोर करती हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई तानाशाहों ने लोकतंत्र की दुहाई देकर सत्ता हासिल की, लेकिन बाद में तानाशाही व्यवस्था स्थापित कर दी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि भारत में भी कुछ ऐसी प्रवृत्तियां तेजी से उभर रही हैं, जो संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं।

लोकतंत्र की रक्षा पर वक्ताओं ने रखे विचार

विचार संवाद में वरिष्ठ पत्रकार नीरजा चौधरी, पूर्व सांसद के.सी. त्यागी, समाजवादी विचारक एवं पूर्व मंत्री रमाशंकर सिंह तथा पूर्व सांसद संतोष भारतीय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती, संविधान की रक्षा और जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया।

सभी वक्ताओं ने लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए नागरिक जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में देश और दुनिया में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

अरुण श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ आयोजन

इस विचार संवाद कार्यक्रम का आयोजन चंद्रशेखर जन्मशती समारोह समिति के राष्ट्रीय संयोजक एवं समाजवादी नेता अरुण श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और बौद्धिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।

चंद्रशेखर जन्मशती समारोह समिति के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार लाल श्रीवास्तव ने एक विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों पर सार्थक विमर्श को बढ़ावा देना था।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------