पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 93वीं जयंती पर राहुल गांधी ने दी विनम्र श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Former Prime Minister Manmohan Singh) को उनकी 93वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था में मनमोहन सिंह के योगदान को याद किया। राहुल गांधी ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह कि जयंती पर मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, गरीबों और वंचितों के लिए उनके साहसिक फैसले और एक मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण में उनका ऐतिहासिक योगदान हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा। उनकी सादगी, विनम्रता और सत्यनिष्ठा हम सभी के लिए प्रेरणा है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक्स पर लिखा कि 26 सितंबर, 1932 को जन्मे मनमोहन सिंह एक प्रख्यात अर्थशास्त्री थे और 1982 से 1985 तक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे। 1991 से 1996 के बीच सिंह ने भारत के वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने व्यापक आर्थिक सुधारों को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जिससे उन्हें दुनिया भर में पहचान मिली। वे भारत के 13वें प्रधानमंत्री थे और 2004 से 2014 तक इस पद पर रहे। कई लोगों के लिए, उनका नाम उस दौर के परिवर्तनकारी बदलावों का पर्याय बना हुआ है। उनकी सरकार ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम (नरेगा), जिसका बाद में नाम बदलकर मनरेगा कर दिया गया और 2005 में सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) जैसी ऐतिहासिक पहल की, जिससे सरकार और जनता के बीच पारदर्शिता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress President Mallikarjun Kharge) ने भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनकी 93वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें विनम्रता और बुद्धिमत्ता का प्रतीक बताया, जिन्होंने खुद को “शांत गरिमा” के साथ प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने भी मनमोहन सिंह को उनकी 93वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद किया।
