“रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के छात्र ब्लिंकिट पर बेच रहे हैं ओयस्टर मशरूम”

बरेली,14मार्च।रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के पादप विज्ञान विभाग के मशरूम विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षक डॉक्टर विजय कुमार सिंहाल ने बताया कि माननीय कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह के मार्गदर्शन में प्लांट साइंस विभाग व एग्रीकल्चर विभाग में आयोजित मशरूम कल्टीवेशन प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद छात्रों ने इसका व्यावसायिक उत्पादन प्रारंभ कर दिया है। विश्वविद्यालय के छात्रों में स्वरोजगार उत्पन्न करने हेतु बनाए गए एक्सपीरियंशियल लर्निंग ग्रुप के द्वारा छात्र समूह में एकत्र होकर मशरूम उगा रहे हैं तथा उसे स्थानीय बाजार व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट पर बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र अभिषेक पटेल ने बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर ₹3000 का निवेश आयस्टर मशरूम उत्पादन में किया जिससे वह अभी तक ₹7000 मूल्य का मशरूम बेच चुके हैं। इसी क्रम में छात्र गौरव गोले,केशव कुमार, मुख्तियार,व मोहित ने भी आयस्टर मशरूम उगाया।इन छात्रों ने भी लगभग़ 3500 रुपए लगाए। इन्होंने भी अभी तक 5000 रूपये का मशरूम जी.एफ. ई. समाधान एंटरप्राइजैज को बेच दिया।उनका उत्पादन अभी हो रहा है। छात्रों में स्वरोजगार उत्पन्न करने की प्रतिबद्धता के साथ महात्मा ज्योतिबा फूले रोहिलखंड विश्वविद्यालय धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में विश्वविद्यालय स्वरोजगार उत्पादन केंद्र के रूप में उभर कर सामने आएगा। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

