रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षोत्सव 2026 के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

बरेली,11जुलाई। रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में 24 वें दीक्षांत समारोह से पूर्व दीक्षोत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन महामहिम कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की प्रेरणा से तथा कुलपति प्रो. के.पी.सिंह जी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। विभिन्न प्रतियोगिताओं के अंतर्गत गोद लिए गए गांवों के विभिन्न विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसका विषय मेरा विद्यालय रहा। छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और अपने विद्यालयों के अनुभवों को भावपूर्ण शब्दों में पिरोया। माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए प्रेरित किया कि विद्यालय विद्यार्थियों का दूसरा घर है, जो उनके बहुआयामी व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालय में मिली शिक्षा, अनुशासन और सहयोगी वातावरण उन्हें जीवन में सफल बनाने में सहायक होते है । उन्होंने छात्रों को अपने विद्यालय के प्रति अधिक जिम्मेदार व सजग रहने के लिए प्रेरित किया और भाषण प्रतियोगिता को सामाजिक- सांस्कृतिक विकास, आत्मविश्वास और विचार प्रस्तुति कौशल विकास में सहायक बताया। सांस्कृतिक समन्वयक डॉ.ज्योति पाण्डेय ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में अपने विद्यालय के प्रति गर्व, समर्पण और दायित्व की भावना को जागृत करना है। छात्रों ने अपने विद्यालय की महत्वपूर्ण यादें, शिक्षकों के सहयोग, खेल-कूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और क्लासरूम के अनुभवों को भाषण के रूप में प्रस्तुत किया।
इस भाषण प्रतियोगिता में डोहरिया डोहरा, ईटावा बेनीराम, लालपुर आदि क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भाग लिया । प्रत्येक विद्यालय के छात्रों ने अपने विद्यालय के अनुभवों को अपनी भाषा, अपनी शैली और अपने अंदाज में प्रस्तुत किया। कई छात्रों ने विद्यालय के प्रति अपनी गहरी लगन और प्रेम को भावनापूर्ण शब्दों में रखा। प्रतियोगिता के आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ . ज्योति पाण्डेय, सांस्कृतिक समिति और संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों , शिक्षकों, का विशेष योगदान रहा।


बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
