होली के दिन इटावा में सनसनी: पति के घर पहुंचते ही कमरे में फंदे से लटकी मिली पत्नी, दहेज हत्या का आरोप

इटावा में होली के दिन एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रंगों के त्योहार के बीच एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

कमरे का दरवाजा खुलते ही सामने आया खौफनाक मंजर
राजा का बाग निवासी विनय प्रकाश की 25 वर्षीय पत्नी रिया का शव बुधवार शाम करीब छह बजे घर के कमरे में रस्सी के फंदे से लटका मिला। उस समय घर के लोग बाहर होली का त्योहार मना रहे थे और आसपास रंग खेला जा रहा था। इसी दौरान रिया का देवर आनंद घर पहुंचा। जब वह कमरे के पास गया और दरवाजा खोला तो रिया को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
परिजनों ने आनन-फानन में रिया को फंदे से नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के बिलावा गांव से मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। वहां पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शादी के बाद से दहेज की मांग का आरोप
रिया की बहन असनी ने बताया कि उसकी छोटी बहन की शादी 21 मई 2023 को विनय प्रकाश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर रिया को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

मौत से पहले बहन को किया था वीडियो कॉल
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन दोपहर में रिया ने अपनी बहन को वीडियो कॉल किया था और कहा था कि वह उसके पास आने वाली है। इसके कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर मिल गई। इस जानकारी के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है।
गला दबाकर हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप
रिया की मां रेनू और बहन असनी सहित परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रस्सी के फंदे से लटका दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी सच्चाई
घटना के बाद गुरुवार को अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मायके पक्ष के लोग ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाकर स्थिति को शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
