Top Newsउत्तर प्रदेश

एम्स रायबरेली में येलो फीवर टीकाकरण केंद्र की शुरुआत, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

एम्स रायबरेली में शुक्रवार को कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन के मार्गदर्शन में पीत ज्वर (येलो फीवर) टीकाकरण केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही गंभीर संक्रामक रोगों की रोकथाम को भी मजबूती मिलेगी।

येलो फीवर पर विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारी

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. भोला नाथ ने येलो फीवर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एक गंभीर संक्रामक रोग है, जिससे बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने इस नए केंद्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा और संक्रमण की रोकथाम में अहम भूमिका निभाएगा।

देश में सीमित केंद्र, यूपी का चौथा बना रायबरेली

डॉ. भोला नाथ ने जानकारी दी कि पूरे भारत में येलो फीवर टीकाकरण के करीब 70 केंद्र संचालित हैं। इनमें एम्स रायबरेली का यह केंद्र शामिल हो गया है, जो उत्तर प्रदेश में स्थापित होने वाला चौथा केंद्र है। इससे राज्य के लोगों को अब दूर-दराज जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए अनिवार्य सुविधा

येलो फीवर टीकाकरण केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश शुक्ला ने बताया कि इस केंद्र की स्थापना क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र विदेश यात्रा करने वाले व्यक्तियों को अनिवार्य टीकाकरण सुविधा उपलब्ध कराएगा, जिससे वे येलो फीवर जैसे खतरनाक रोग से सुरक्षित रह सकेंगे। साथ ही, यह सुविधा देश में इस बीमारी के संभावित आयात को रोकने में भी मददगार साबित होगी।

उन्होंने आगे बताया कि केंद्र में विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय यात्रा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और यात्रियों को वैध टीकाकरण प्रमाण पत्र यानी ‘पीला कार्ड’ भी जारी किया जाएगा।

आसपास के जिलों को भी मिलेगा सीधा लाभ

यह टीकाकरण केंद्र केवल रायबरेली ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों—प्रतापगढ़, अमेठी, प्रयागराज और उन्नाव—के लोगों के लिए भी बेहद सुविधाजनक साबित होगा। यहां सुरक्षित और प्रमाणित टीकाकरण सुविधा उपलब्ध होने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर डीडीए कर्नल अखिलेश सिंह, एफए कर्नल यू.एन. राय, आंतरिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. मधुकर मित्तल, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रबल जोशी, जैव रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. संजय यादव, डीएमएस डॉ. अरुणप्रीत कौर और डॉ. के. डी. सिंह सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------