उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

शशि प्रकाश गोयल बने उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के वर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार नहीं मिला है। मनोज कुमार सिंह की जगह मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नया मुख्य सचिव बनाया गया है।

गोयल ने गुरुवार को ही मुख्य सचिव कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। 1989 बैच के टॉपर होने और 8 साल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव होने के नाते एसपी गोयल की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही थी। मनोज कुमार सिंह का उनके कार्यकाल का आखिरी दिन था लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से उनके सेवा विस्तार को मंजूरी नहीं दी गई।

कौन हैं एसपी गोयल

एसपी गोयल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भरोसेमंद माना जाता है। गोयल को दिल्ली के पोलिटिकल कोरीडोर में भी काफ़ी प्रभावशाली माना जाता है। एसपी गोयल साल 1989 के आईएएस अधिकारी हैं। वह यूपी के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। एसपी गोयल लखनऊ के रहने वाले हैं और उनका जन्म साल 1967 में हुआ था। उन्होंने बीएससी (ऑनर्स), एमसीए, ईएमआईबी कोर्स भी किया हुआ है।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के पद से की थी। इसके बाद वह मेरठ, अलीगढ़, बहराइच के सीडीओ भी रह चुके हैं। एसपी मथुरा, इटावा, प्रयागराज, देवरिया के जिलाधिकारी (डीएम) भी रह चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक, सपा सरकार में एसपी गोयल प्लानिंग विभाग के सचिव और कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव भी रह चुके हैं। एसपी गोयल केंद्र की मोदी सरकार में मानव संसाधन मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं।