श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी- 20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स का शुभारम्भ तीन अप्रैल से

बरेली,31मार्च।एसआरएमएस ट्रस्ट की ओर से श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी- 20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट के छठवें सीजन का आगाज 3 अप्रैल को होगा, जबकि फाइनल मैच 12 अप्रैल को खेला जाएगा। श्रीराम मूर्ति स्मारक इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर, प्रयागराज, पीलीभीत, दिल्ली और बरेली में संचालित क्रिकेट एकेडमी की 12 टीमें एसआरएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंच रही हैं। यह जानकारी एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी एवं बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक आदित्य मूर्ति ने दी।
आदित्य मूर्ति ने बताया कि बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए आयोजन समिति ने टूर्नामेंट की इनामी राशि भी इस बार बढ़ाई है। पिछले वर्ष 2025 में विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ एक लाख हजार रुपये और रनरअप टीम को ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया था, जबकि इस बार विजेता टीम को दो लाख रुपये और रनर अप टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 11 हजार रुपये, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर को 5100- 5100 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। सभी मैचों में मैन ऑफ द मैच रहने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आदित्य जी ने बताया कि टूर्नामेंट में आईके कलेक्शन बरेली, एसएनएस बुलंदशहर, जीएसटी आरसीसी इलेवन बरेली, एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी बरेली, बजाज टेक्सटाइल अमरोहा, 22 यार्ड्स पीलीभीत, मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, केपीएस क्रिकेट एकेडमी बरेली, एसआरएमएस किंग्स बरेली, आईके नेक्स्ट जनरेशन बरेली, तेजस्वी स्पोर्ट्स मेरठ, जीका इलाहाबाद की टीमें शामिल हो रही हैं। इन टीमों को चार ग्रुप ए, बी, सी और डी में रखा गया है। हर ग्रुप में 3-3 टीमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फाइनल सहित टूर्नामेंट में 19 मैच खेले जाएंगे। प्रत्येक दिन 2-2 मैच होंगे। प्रत्येक ग्रुप में सभी टीमों को 2-2 मैच खेलने होंगे। इसमें जीतने वाली दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी। चारों क्वार्टर फाइनल मैच 9 और 10 अप्रैल को खेले जाएंगे। इसमें जीतने वाली टीम सेमी फाइनल में पहुंचेगी। दोनों सेमी फाइनल मैच 11 अप्रैल को होंगे। 12 अप्रैल को टूर्नामेंट का फाइनल मैच आयोजित होगा। सफेद गेंद से होने वाले टूर्नामेंट में सभी टीमों के खिलाड़ी रंगीन ड्रेस पहनेंगे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

