राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने की जनसुनवाई, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

गोण्डा 11 मार्च,2026। उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ऋतु शाही का बुधवार को जनपद में आगमन हुआ। उन्होंने सर्किट हाउस में महिला संबंधी जनसुनवाई की और पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 17 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 09 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि शेष 08 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रत्येक पीड़िता को न्याय दिलाना प्राथमिकता है।

इसके बाद गांधी पार्क स्थित टाउनहॉल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह में उन्होंने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता के माध्यम से ही महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम के उपरांत श्रीमती ऋतु शाही ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, दर्जीकुंआ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की खिड़की का शीशा टूटा हुआ पाया गया, जिस पर उन्होंने तत्काल उसे ठीक कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, प्रियंका सिंह, सिद्धनाथ पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
