उत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने मा० मुख्यमंत्री, मा० राज्यपाल, राजस्व परिषद एवं आयुक्त महोदय के जनता दर्शन में प्राप्त लंबित शिकायती प्रार्थना पत्रों की करी समीक्षा

 

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल मा० मुख्यमंत्री, मा० राज्यपाल, राजस्व परिषद एवं आयुक्त महोदय के जनता दर्शन में प्राप्त लंबित शिकायती प्रार्थना पत्रों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान समस्त तहसीलों के ऑनलाइन संदर्भों का निस्तारण लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रमुख प्राथमिकताओं में आईजीआरएस एवं जनता दर्शन से प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निस्तारण शामिल है, जिसकी नियमित समीक्षा स्वयं मुख्यमंत्री स्तर से की जाती है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी प्रकरण अभी लंबित हैं, उनका निस्तारण आगामी तीन दिनों के भीतर हर हाल में कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के साथ-साथ उसका विवरण रजिस्टर में भी अंकित किया जाए, ताकि शिकायतों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायत के निस्तारण के उपरान्त संबंधित शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उसे उक्त के क्रम में की गई कार्रवाई की जानकारी अवश्य दी जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी/तहसीलदार सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------