उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

बौद्धिक धरोहर को समझेगा युवा, तभी बढ़ेगा देश का भविष्य: जयवीर सिंह

लखनऊ, 25 फरवरी 2026:

अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, हिन्दुस्तानी एकेडेमी और जवाहर लाल नेहरू स्मारक पी.जी. कॉलेज के हिंदी विभाग की ओर से 27 और 28 फरवरी 2026 को एक राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम का विषय ‘शिक्षा, संस्कृति और संस्कार का प्रसार: भारतीय ज्ञान परंपरा, बौद्ध दर्शन और साहित्य (खास तौर पर संस्कृत और पालि भाषा के संदर्भ में)’ है। इसमें भारतीय परंपरा और बौद्ध विचारधारा पर आसान और समझने योग्य तरीके से चर्चा की जाएगी।

इस संगोष्ठी का आयोजन जवाहर लाल नेहरू स्मारक पी.जी. कॉलेज, महराजगंज में होगा। इसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों के विद्वान, शोधार्थी और छात्र भाग लेंगे। कार्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा, बौद्ध दर्शन, संस्कृत और पालि भाषा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वक्ता यह बताएंगे कि प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था और बौद्ध साहित्य ने समाज को किस तरह दिशा दी और आज के समय में उसकी क्या प्रासंगिकता है।

इस पर अपने विचार रखते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा केवल इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह आज के समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी दिशा दिखाने का काम करती है। उन्होंने बताया इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बौद्ध दर्शन, संस्कृत और पालि जैसी प्राचीन भाषाओं का अध्ययन करने का मौका मिलेगा। और युवा अपनी बौद्धिक और सांस्कृतिक विरासत को समझ सकेंगे, तभी वह इसे आगे बढ़ाने में सक्षम हो पाएंगे।

यह दो दिन की संगोष्ठी छात्रों और शोध करने वाले लोगों के लिए बहुत अच्छा मौका होगी। यहां उन्हें विशेषज्ञों की बातें सुनने और अपना ज्ञान बढ़ाने का अवसर मिलेगा। अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान की स्थापना साल 1985 में संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा की गई थी। यह संस्कृति विभाग की एक स्वायत्त संस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रचलित बौद्ध परंपराओं का अध्ययन करना, उनसे जुड़ा शोध कार्य करना और बौद्ध स्थलों की सांस्कृतिक विरासत, मान्यताओं, मानवीय मूल्यों तथा कला से जुड़े अवशेषों का संरक्षण करना है।

संपर्क सूत्र- अभिषेक सिंह

---------------------------------------------------------------------------------------------------