महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में इस बार मेरिट के आधार पर होंगे एम.एड. में प्रवेश

बरेली,25 मई। “महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में इस बार एम.एड. में प्रवेश मेरिट के आधार पर किए जायेंगे।विश्वविद्यालय शीघ्र ही जारी करेगा प्रवेश कार्यक्रम,” कुलपति प्रो.के.पी.सिंह ने लखनऊ ट्रिब्यून से विशेष वार्ता में बताया।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षा एवं संबद्ध विज्ञान संकाय के अंतर्गत शिक्षा विभाग (आई.ए.एस.ई.) में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए एम.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ होने जा रही है। इस वर्ष एम.एड. प्रवेश व्यवस्था में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। पूर्व वर्षों में जहां अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाता था, वहीं अब प्रवेश मेरिट के आधार पर किये जाएंगे। इस परिवर्तन से अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा की तैयारी और अतिरिक्त व्यय से राहत मिलेगी तथा चयन प्रक्रिया अधिक सुगम होगी व सत्र समय से प्रारंभ हो जायेगा।
बी.एड./एम.एड. विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष अरोरा ने बताया कि एम.एड. शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम है, जिसका उद्देश्य शिक्षण, अनुसंधान, शैक्षिक प्रशासन तथा शैक्षिक नवाचार के क्षेत्र में दक्ष एवं सक्षम टीचर एजुकेटर तैयार करना है। वर्तमान समय में विद्यालयी शिक्षा, शिक्षक शिक्षा तथा शैक्षिक अनुसंधान के क्षेत्र में विशेषज्ञता प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एम.एड. एक महत्वपूर्ण शैक्षिक अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि एम.एड. पाठ्यक्रम की अवधि दो वर्ष (चार सेमेस्टर) है। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का बी.एड. अथवा बी.एल.एड. में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। विभाग में कुल 50 नियमित सीटें तथा 5 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ई.डब्ल्यू.एस.) की सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश, आवेदन तिथियां तथा मेरिट निर्माण की प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी।


विभागाध्यक्ष प्रो. अरोरा ने कहा कि शिक्षा विभाग शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं अनुसंधान के लिए अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, समृद्ध पुस्तकालय, शोधपरक वातावरण, विद्यालयीय प्रशिक्षण, संगोष्ठियों, कार्यशालाओं तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को शोध लेखन, शैक्षिक नवाचार, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान से संबंधित गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा ए-प्लस-प्लस ग्रेड से मान्यता प्राप्त तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की श्रेणी-एक विश्वविद्यालय है। विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा शोध एवं नवाचार के अनुकूल वातावरण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है।
एम.एड. में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.mjpru.ac.in एवं समर्थ प्रवेश पोर्टल पर नियमित रूप से दृष्टि बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ होते ही आवेदन, मेरिट सूची तथा प्रवेश संबंधी सभी सूचनाएं विश्वविद्यालय पोर्टल पर उपलब्ध होंगी।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
