Top Newsविदेश

ट्रंप का होर्मुज पर नियंत्रण का दावा, ईरान बोला- दुश्मनों से निपटने के लिए तैयार है मजबूत रक्षा कवच

वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप का कहना है कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अभी वह किसी सही डील के लिए तैयार नहीं है। इसी के साथ उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूरे इलाके पर अमेरिका का नियंत्रण होने का दावा किया। दूसरी ओर, ईरान ने भी साफ कर दिया है कि उसने संभावित दुश्मनों से निपटने के लिए मजबूत रक्षा तैयारियां कर रखी हैं।

रॉयटर्स के मुताबिक, ट्रंप ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान समझौता करना तो चाहता है, लेकिन उनकी राय में वह अभी किसी सही समझौते के लिए तैयार नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका मौजूदा टकराव पर नजर बनाए हुए है और आगे की स्थिति का इंतजार कर रहा है।

होर्मुज पर अमेरिका के पूरे नियंत्रण का दावा

ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे समुद्री क्षेत्र और इससे जुड़े जमीनी इलाकों पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल कारोबार के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग माना जाता है। ऐसे में ट्रंप के इस दावे को कूटनीतिक और रणनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।

ईरान की आर्थिक स्थिति पर ट्रंप का निशाना

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की आर्थिक स्थिति को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के पास पैसा लगभग खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास न तो नौसेना बची है और न ही वायुसेना। उनका यह भी दावा है कि स्थिति इतनी खराब है कि ईरान अपने सैनिकों को वेतन तक नहीं दे पा रहा है। ट्रंप ने ईरान में महंगाई 350 प्रतिशत तक पहुंचने का भी दावा किया।

ईरान ने कहा- किसी भी खतरे से निपटने को तैयार

-------------------------------------------------------------------------------------------

ट्रंप के बयानों के बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के प्रमुख अहमद वाहिदी ने ईरान की रक्षा तैयारियों को लेकर भरोसा जताया। राष्ट्रीय रक्षा उद्योग दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि ईरान ने दुश्मनों के खतरों से निपटने के लिए मजबूत रक्षा कवच तैयार किया है।

वाहिदी के मुताबिक, कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद ईरान ने अपनी रक्षात्मक और आक्रामक क्षमताओं को मजबूत किया है। उन्होंने दावा किया कि देश किसी भी संभावित खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

तनाव के बीच समझौते की राह मुश्किल

एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप ईरान के अभी किसी सही समझौते के लिए तैयार नहीं होने की बात कह रहे हैं, तो दूसरी ओर ईरान अपनी सैन्य तैयारियों को लेकर कड़ा संदेश दे रहा है। दोनों देशों के बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि मौजूदा तनाव के बीच बातचीत के जरिए किसी समझौते तक पहुंचने की राह फिलहाल आसान नहीं है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------