Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोंडा में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार; 12 लाख का सामान और चोरी की बाइक बरामद

गोंडा: वजीरगंज थाना पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की पीतल और स्टील की बर्तन सामग्री, आठ डीजे मशीन, दो साउंड मिक्सर मशीन, दो एसआरपी लाइट और एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में वजीरगंज पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ऊंटघाट पुल से पहले जंगल के किनारे से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलभूषण पुत्र सत्य नारायण तिवारी, निवासी गोडवाघाट, थाना कोतवाली नगर, गोंडा और छोटू सिंह उर्फ ओमप्रकाश सिंह पुत्र रणजीत सिंह, निवासी ग्राम बानेपुर, थाना वजीरगंज, गोंडा के रूप में की है।

बंद मकान में पीछे के दरवाजे से घुसे थे चोर

पुलिस के मुताबिक, अमर मौर्या पुत्र पंचम लाल मौर्या ने वजीरगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके बड़े पिता शिवलाल मौर्या का मकान उनके घर के बगल में है। शिवलाल मौर्या अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। 11 और 12 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर ऊंटघाट पुल से पहले जंगल के किनारे कुछ लोग चोरी का सामान लेकर बैठे हैं और उसे ले जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं।

पुलिस को देखकर एक आरोपी जंगल में भागा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक बड़ी पीतल की परात, दो छोटी पीतल की परात, तीन बड़ी पीतल की थाली, सात छोटी पीतल की थाली और एक मध्यम आकार की स्टील की थाली बरामद हुई। इसके अलावा आठ डीजे मशीन, दो साउंड मिक्सर मशीन, दो एसआरपी लाइट और एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मिली।

पूछताछ में दो और चोरी की घटनाओं का खुलासा

पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी शिखर सिंह पुत्र जंगबहादुर सिंह, निवासी ग्राम धनेश्वरपुर, थाना वजीरगंज के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई।

-------------------------------------------------------------------------------------------

आरोपियों के मुताबिक, 11 और 12 अगस्त की रात तीनों ने मुरावन पुरवा कोठा स्थित बंद मकान में पीछे के दरवाजे से प्रवेश कर पीतल और स्टील के बर्तन चोरी किए थे। इसके अलावा 9 अगस्त की रात कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम बावरिया दुर्जनपुर स्थित एक डीजे की दुकान में पीछे से सेंध लगाकर डीजे मशीन, साउंड मिक्सर मशीन और एसआरपी लाइट चोरी की थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी का सामान जंगल में छिपाकर रखा था। बरामद सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के बारे में भी आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी शिखर सिंह के साथ मिलकर कुछ दिन पहले फैजाबाद शहर में सड़क किनारे खड़ी बाइक चोरी की थी।

सामान बेचने की फिराक में थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी चोरी का सामान एक जगह इकट्ठा कर उसे बेचने की तैयारी में थे। सामान ले जाने के लिए वाहन का इंतजार किया जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीसरा आरोपी शिखर सिंह मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया है।

दो मुकदमों का हुआ खुलासा

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान वजीरगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 318/2026, धारा 305(ए), 317(2) बीएनएस और कोतवाली नगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 735/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस का अनावरण किया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकास गुप्ता, उपनिरीक्षक राजदेव यादव, उपनिरीक्षक रणविजय सिंह, कांस्टेबल रजत सिंह, अजय सरोज, दीपक यादव, चन्देश वर्मा, शोभित पाण्डेय और शिवांशु यादव शामिल रहे।

दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुलभूषण के खिलाफ वर्ष 2024 से लेकर 2026 तक चोरी, चोरी का सामान रखने और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं छोटू सिंह के खिलाफ भी बस्ती, अयोध्या और गोंडा के विभिन्न थानों में चोरी और संबंधित धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------