लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन के तहत प्रशासनिक मशीनरी को चाक-चौबंद करने के लिए बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। शासन स्तर पर प्रशासनिक कसावट लाते हुए प्रदेशभर में कुल 239 खंड विकास अधिकारियों (BDO) और 277 नायब तहसीलदारों के तबादले किए गए हैं। ग्राम्य विकास विभाग और राजस्व परिषद की ओर से जारी इन आदेशों के बाद प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
लखीमपुर खीरी से सीतापुर और अन्य जिलों में भेजे गए कई अधिकारी
ग्राम्य विकास विभाग की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, विभिन्न जिलों में लंबे समय से जमे अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए जिलों में भेजा गया है। इस सूची में लखीमपुर खीरी जिले में तैनात कई प्रमुख बीडीओ के नाम भी शामिल हैं। आदेश के मुताबिक, लखीमपुर खीरी में तैनात महावीर सिंह, संगीता यादव, जयेश कुमार सिंह, ऋषिकांत अहिरवार और सुमित कुमार सिंह को स्थानांतरित करके सीतापुर भेजा गया है। इसके अलावा लखीमपुर के अन्य अधिकारियों में अश्वनी कुमार सिंह को ललितपुर, मोहित कौशिक को बाराबंकी और श्रद्धा गुप्ता का तबादला बहराइच किया गया है। वहीं दूसरी ओर, अन्य जनपदों से अधिकारियों को लखीमपुर खीरी भी भेजा गया है, जिसमें जालौन में तैनात संदीप मिश्रा और महराजगंज में तैनात राहुल सागर के नाम प्रमुख हैं।
राजस्व परिषद ने जारी किए 277 नायब तहसीलदारों के ट्रांसफर आर्डर
बीडीओ स्तर के प्रशासनिक फेरबदल के साथ-साथ राजस्व परिषद ने भी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए प्रदेशभर में तैनात 277 नायब तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। राजस्व परिषद की आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा ने सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए। इन सभी ट्रांसफर किए गए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान तैनाती स्थल से रिलीव होकर नए जिलों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रशासनिक और चुनावी तैयारियां सुचारू रूप से चलती रहें।