उत्तर प्रदेशराज्य

UP में मौसम का तांडव: कुशीनगर में टूटा तटबंध, कई गांवों में घुसा पानी; अगले 24 घंटे बारिश का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के बीच कुशीनगर में नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने से सोमवार देर रात एपी तटबंध टूट गया। ततवा टोला के पास तटबंध टूटने से आसपास के कई गांवों में पानी भर गया और व्यापक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू करने तथा ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने से टूटा तटबंध

सोमवार देर रात नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कुशीनगर में एपी तटबंध के ततवा टोला के पास बांध टूट गया। इसके बाद पानी आसपास के इलाकों में फैल गया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और निगरानी का काम तेज कर दिया है।

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से ली जानकारी

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर रात गोरखपुर के आयुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक और कुशीनगर के जिलाधिकारी से घटना की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने और प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

अगले 24 घंटे बारिश और गरज के साथ बौछार का अनुमान

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान जताया है। सोमवार को मुजफ्फरनगर में 9.0 मिलीमीटर और मेरठ में 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मुरादाबाद में भी हल्की बारिश हुई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश दर्ज नहीं की गई।

राजधानी लखनऊ में सोमवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। यहां अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जलभराव वाले इलाकों में निकासी और सफाई पर जोर

-------------------------------------------------------------------------------------------

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और निगरानी तेज कर दी है। नगर विकास और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पानी निकालने और पानी उतरने के बाद तुरंत सफाई कराने को कहा गया है। सरकार का उद्देश्य जलभराव के बाद संक्रामक बीमारियों के खतरे को रोकना है।

बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए अतिरिक्त संसाधन तैनात होंगे

प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में जलभराव, जल निकासी, स्वच्छता और बीमारियों की रोकथाम के इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।

त्योहारों से पहले सफाई और सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश

ए.के. शर्मा ने आगामी त्योहारों को देखते हुए शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि बारिश के बाद लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------