Top Newsउत्तर प्रदेशकरियरराज्य

आज से शुरू होंगी यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं, गाजियाबाद में 54 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं बुधवार से जिले में शुरू हो रही हैं। पहले दिन हिंदी विषय का पेपर आयोजित किया जाएगा। परीक्षाओं को नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

गाजियाबाद जिले में इस वर्ष कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 53,884 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 28,574 और इंटरमीडिएट के 25,314 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए छह सचल दस्तों का गठन किया गया है, जो केंद्रों पर औचक निरीक्षण करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर लगाए गए हैं, जिनकी वेबकास्टिंग के जरिए कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी।

परीक्षा संचालन के लिए 64 केंद्र व्यवस्थापक, 64 बाह्य परीक्षक, 64 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा की निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों को पूरी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ कराई जाएंगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------