UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, बारिश-ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट, 4 फरवरी तक बरसात के आसार

लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ नजर आ रहा है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण ठंड में और इजाफा हुआ है और आने वाले दिनों में पारा और लुढ़कने के संकेत हैं।

लखनऊ में बूंदाबांदी के संकेत, शाम तक हो सकती है हल्की बारिश
राजधानी लखनऊ में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन के समय आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि शाम या रात तक शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे पहले रविवार को फरवरी की शुरुआत अपेक्षाकृत गर्म रही। सुबह हल्का कोहरा जरूर छाया रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकल आई और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
फरवरी की शुरुआत में गर्म रहा दिन, 24.1 डिग्री पहुंचा पारा
रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। दिन के तापमान में आई इस बढ़ोतरी ने ठंड से कुछ राहत जरूर दी, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत अस्थायी है और अगले कुछ दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बदला मौसम का पैटर्न
अमौसी स्थित लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तरी पाकिस्तान पर मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ा है। इसी कारण पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत हुई है और सोमवार सुबह तक मध्य और उससे जुड़े पूर्वी हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि आगे दो और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिनके प्रभाव से 4 फरवरी तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
लखनऊ रहा प्रदेश का सबसे गर्म शहर
रविवार को पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान राजधानी लखनऊ 24.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में भी 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 4 फरवरी के बाद बारिश का दौर थमने पर तापमान में फिर से हल्की गिरावट आने के संकेत हैं।
फरवरी में सामान्य से ज्यादा रह सकता है रात का तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में बनी ला-नीना की स्थिति धीरे-धीरे कमजोर हो रही है। फरवरी, मार्च और अप्रैल के दौरान इसके तटस्थ स्थिति में पहुंचने की संभावना है। इसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। फरवरी महीने में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है। इसी वजह से शीत लहर के दिन सामान्य से 1 से 3 दिन तक कम हो सकते हैं, जबकि बारिश की मात्रा भी सामान्य से कम रहने के आसार हैं।

