UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2021 का परिणाम घोषित; श्रुति शर्मा ने किया टॉप

इलाहाबाद: यूपीएससी ने सीएसई 2021 के लिए फाइनल परिणाम घोषित कर दिये हैं।सिविल सेवा परीक्षा 2021 के परिणाम के अनुसार श्रुति शर्मा ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। श्रुति शर्मा दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर अंकिता अग्रवाल और गामिनी सिंगला रही हैं। इस साल तीनों ही टॉपर लड़कियां बनी हैं। यूपीएससी 2021 टॉपर्स लिस्ट के अनुसार पहले चार स्थानों पर महिला उम्मीदवार हैं। श्रुति शर्मा (रोल नंबर 0803237) को पहला स्थान मिला है। अंकिता अग्रवाल (रोल नंबर 0611497) को दूसरा स्थान, गामिनी सिंगला (रोल नंबर 3524519) को तीसरा स्थान, ऐश्वर्या वर्मा (रोल नंबर 5401266) को चौथा स्थान और उत्कर्ष द्विवेदी (रोल नंबर 0804881) को पांचवां स्थान मिला है।

UPSC ने 4 मार्च 2021 को पंजीकरण शुरू किया था, जिसके बाद प्रारंभिक परीक्षा 27 जून 2021 को आयोजित की गई थी। 29 अक्टूबर 2021 को इसके नतीजों की घोषणा की गई और 7 से 16 जनवरी 2022 को इसके बाद मेन्स परीक्षा आयोजित की गई। इसके परिणाम 17 मई को जारी हुए, जिसके बाद इंटरव्यू हुए। अब इसका फाइनल परिणाम जारी किया गया है।

यह परीक्षा 712 सिविल सेवा पदों को भरने के लिए थी, जिनमें से 22 पीएच वर्ग के लिए आरक्षित हैं। परीक्षार्थियों के मार्क्स रिजल्ट की घोषणा के करीब 15 दिन बाद जारी किए जाएंगे। यूपीएससी सिविल सेवा के जरिए इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज (IAS), भारतीय पुलिस सर्विसेज (IPS) और भारतीय फॉरेन सर्विसेज (IFS), रेलवे ग्रुप ए (इंडियन रेलवे अकाउंट्स सर्विस), इंडियन पोस्टल सर्विसेज, भारतीय डाक सेवा, इंडियन ट्रेड सर्विसेज सहित अन्य सेवाओं के लिए चयन किया जाता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper