Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

स्वच्छता के संदेश के साथ गांव-गांव पहुंचे स्वयंसेवक, जागरूकता रैली से लोगों को किया प्रेरित

श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने स्वच्छता को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। यह शिविर 23 मार्च 2026 से 29 मार्च 2026 तक उच्च प्राथमिक विद्यालय, परेड सरकार में आयोजित किया जा रहा है।

गांवों में निकाली जागरूकता रैली, घर-घर पहुंचा संदेश
शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल से चयनित गांव बंगरहवा, परेड सरकार, नेवलगंज और बनकटाचार्यगंज तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गांव-गांव घूमकर लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया। डोर-टू-डोर अभियान के जरिए ग्रामीणों को साफ-सफाई अपनाने और बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए।

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बौद्धिक सत्र में अतिथियों ने किया मार्गदर्शन
भोजन के बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. रेखा शर्मा (वनस्पति विज्ञान) एवं विशिष्ट अतिथि करुणेश द्विवेदी (असिस्टेंट प्रोफेसर, कृषि विज्ञान विभाग) ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह, डॉ. चमन कौर, डॉ. परवेज आलम और डॉ. दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया।

मानव सेवा सर्वोपरि, एनएसएस की भूमिका अहम
मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव सेवा का धर्म सबसे बड़ा है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने स्वयंसेवकों से मानव सेवा के गुण अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. परवेज आलम द्वारा किया गया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------