झारखंड के इन 4 जिलों में बरस गया पूरे कोटे का पानी, कहां सबसे ज्यादा बरसा
रांची: झारखंड में इस बार सामान्य से डेढ़ गुना अधिक बारिश हुई है। लेकिन, बारिश का वितरण असमान है। रांची समेत चार जिलों में अत्यधिक बारिश हो रही है। इन जिलों में मानसून सीजन के पहले दो महीने में ही 1000 मिमी के करीब बारिश हो चुकी है। जबकि, पूर्वी सिंहभूम में पूरे मानसून सीजन के कोटे से भी अधिक बारिश हो चुकी है। सरायकेला-खरसावां में भी चार महीने की बारिश हो चुकी है। जबकि, रांची और लातेहार में हजार मिमी के करीब बारिश हो चुकी है, जो मानसून सीजन की कुल बारिश से 50 से 70 मिमी बारिश कम है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में इस बार मानसून की अधिक बारिश हो रही है। इसका कारण बंगाल की खाड़ी में जून से जुलाई के बीच बनने वाला सिस्टम है। एक के बाद एक निम्न दबाव क्षेत्र बना, जो यहां से होकर गुजरे। इससे राज्य में अच्छी बारिश हुई। इस बार भी बारिश का वितरण पूरे राज्य में असमान है। राज्य के दो जिलों में कम बारिश हुई। छह जिलों में सामान्य बारिश हुई। 12 जिलों में 37 से 73 फीसदी अधिक बारिश। रांची समेत चार जिलों में 89 से लेकर 119 फीसदी अधिक बारिश हुई।

अब तक बारिश की स्थिति
1. पाकुड़ और गोड्डा में 14 से 15 फीसदी कम बारिश हुई।
ये भी पढ़ें:’कोई भी कानून से ऊपर नहीं, चाहे DGP ही क्यों न हों’, अमन साहू एनकाउंटर पर हाईकोर्ट की फटकार
2. देवघर, साहिबगंज, लोहरदगा, गढ़वा, हजारीबाग और गिरिडीह में दो से 28% अधिक हुई


3. पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची और लातेहार में 89 से 119% अधिक हुई
4. शेष 12 जिलों में 37 से 73 फीसदी तक अधिक बारिश हुई
खेती के लिए मानसून सामान्य से मजबूत
रांची के मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मानसून की बारिश पर काफी हद तक संतोष जताया। बताया कि झारखंड में अधिक बारिश होने के बावजदू कुछ जिलों में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है। खेती के लिहाज से इस बार मानसून सामान्य से काफी मजबूत है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में शेष बचे अगस्त व सिंतबर माह के दौरान भी मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है।