देवरिया में भीषण सड़क हादसे में महिला समय तीन की मौत, एक की हालत गंभीर
देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन की मौत हो गई। देवरिया के कसया रोड पर शुक्रवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। युवक का इलाज जारी है।
हादसे की जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय देवरिया के कसया रोड निवासी 19 वर्षीय किशन, 18 वर्षीय अनूप व राज कुमार एक ही बाइक से सुबह करीब 8 बजे कसया रोड की तरफ जा रहे थे। अचानक कसया रोड ओवरब्रिज के समीप एक महिला सामने से आ गई। महिला को ठोकर मारने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और खड़े ट्रक में घुस गई। इस हादसे में सभी घायल हो गए। हादसे के बाद आस-पास के लोग जमा हो गए। सभी ने घायलों को निकाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी।


उपचार के लिए सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने महिला, बाइक सवार अनूप, किशन को मृत घोषित कर दिया। जबकि राज का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। घायल के बयान लिए जाएंगे। वहीं, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद पोस्टमार्टम पर लोगों की भारी उमड़ पड़ी है। पुलिस का कहना है कि मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दी गई है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
