हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ में गोंडा के योग प्रशिक्षकों ने लिया विशेष प्रशिक्षण, स्वामी रामदेव से मिला आशीर्वाद

गोण्डा: योग के जरिए लोगों को स्वस्थ और निरोग जीवन के प्रति जागरूक करने में सक्रिय गोण्डा के योगाचार्य और योग प्रशिक्षकों ने हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में आयोजित मुख्य योग प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। शिविर के दौरान योग प्रशिक्षण से जुड़ी विभिन्न विधाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

योग, प्राणायाम और ध्यान की विधाओं का लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर में गोण्डा के योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी के साथ योग प्रशिक्षक आशीष गुप्ता, अनिल भट्ट और गौरव गुप्ता ने योग, प्राणायाम, ध्यान और योग शिक्षण की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान नियमित रूप से योग के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव भी साझा किए। साथ ही योग को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
स्वामी रामदेव का मिला सानिध्य और आशीर्वाद
शिविर के दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव का सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त करना गोण्डा के योगाचार्य एवं योग शिक्षकों के लिए विशेष अनुभव रहा। स्वामी रामदेव ने योग के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाने के लिए योग साधकों एवं प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन किया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
जिले में लंबे समय से चला रहे योग अभियान
सुधांशु द्विवेदी, आशीष गुप्ता, अनिल भट्ट और गौरव गुप्ता पिछले काफी समय से जिले के अलग-अलग स्थानों पर नियमित योग कक्षाओं, योग शिविरों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग से जोड़ने का काम कर रहे हैं। उनका उद्देश्य योग को केवल अभ्यास तक सीमित रखने के बजाय स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
प्रशिक्षण के बाद गतिविधियों को विस्तार देने की तैयारी
हरिद्वार में मिला प्रशिक्षण और स्वामी रामदेव का आशीर्वाद गोण्डा के योगाचार्य एवं योग शिक्षकों के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बना है। प्रशिक्षण से लौटने के बाद योग शिक्षक जिले में योग गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

