कुशीनगर में गन्ना लदे ट्रैक्टर से युवक की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

कुशीनगर। मंगलवार की रात विशनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव टोला जमुआन बाजार में एक दर्दनाक हादसा हुआ। आटा चक्की से गेहूं पिसवाकर बाइक से घर लौट रहे 27 वर्षीय दीपू चौधरी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। ट्रैक्टर पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। गंभीर रूप से घायल दीपू को जिला अस्पताल पडरौना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
दीपू की पत्नी ऊषा देवी ने थानाध्यक्ष को तहरीर में आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था और जानबूझकर उनके पति को कुचल दिया। उन्होंने इसे दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या करार दिया।
ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद नाराज परिजन और ग्रामीण दुदही-बरवापट्टी मार्ग पर जमा हो गए। जमुआन पुल के पास करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चालक की तत्काल गिरफ्तारी और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

प्रशासन की कार्रवाई
एसडीएम आकांक्षा मिश्रा और सीओ जयंत कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
