Tuesday, November 24, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आईवीआरआई में पीएम-किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम आयोजित


बरेली, 31 अक्टूबर। । कृषि विज्ञान केंद्र, बरेली द्वारा पीएम-किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के वितरण का सीधा प्रसारण किया गया। यह कार्यक्रम संयुक्त निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. रूपसी तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य, मृदा संरक्षण, जल संरक्षण और कृषि विविधीकरण के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र के अध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह तेतरवाल ने किसानों का स्वागत किया और उन्हें फसलों में खाद एवं उर्वरक प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने फसल सुरक्षा और कृषि विविधीकरण अपनाने का सुझाव भी दिया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
जनपद बरेली के उपनिदेशक कृषि श्री ओमप्रकाश मिश्रा ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और प्रधानमंत्री जी के संबोधन को किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने आग्रह किया कि योजनाओं के अंतर्गत वितरित किए जा रहे निवेशों (इनपुट) का लाभ लेने के लिए किसान कृषि विभाग में अपना पंजीकरण अवश्य कराएँ।
केंद्र के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. रंजीत सिंह ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य एवं जल संरक्षण के बारे में बताया। डॉ. शार्दुल विक्रम लाल ने पशुओं के स्वास्थ्य के लिए टीकाकरण और समय पर चिकित्सा की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में प्रसार शिक्षा विभाग के वैज्ञानिक डॉ. मदन सिंह, डॉ. श्रुति एवं डॉ. रेड्डी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 10 किसानों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 121 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 13 महिलाएँ थीं। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be