आखिरी 500 मीटर में बदला मुकाबला, सतनाम-सलमान ने ऐसे जीता रोइंग में ब्रॉन्ज मेडल
नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। नागोया में गुरुवार को रोइंग के पुरुष डबल स्कल्स मुकाबले में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारतीय जोड़ी ने नागरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर 6 मिनट 13.25 सेकेंड का समय दर्ज किया। दोनों रोअर्स ने शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन किया और लंबे समय तक पदक की स्थिति में बने रहे।
1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर थी भारतीय जोड़ी

सतनाम सिंह और सलमान खान 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर चल रहे थे। हालांकि अंतिम 500 मीटर में उनकी रफ्तार कुछ कम हुई और वे तीसरे स्थान पर खिसक गए। इसके बावजूद दोनों ने अपनी स्थिति बरकरार रखी और कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। चीन की यी शुडी और यीदे नी की जोड़ी ने 6 मिनट 9.37 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि उज्बेकिस्तान की पावेल सोरिन और मेखरोजबेक मामातकुलोव की जोड़ी 6 मिनट 10.49 सेकेंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीतने में सफल रही।
सतनाम ने लगातार दूसरी बार जीता एशियन गेम्स पदक
इस पदक के साथ सतनाम सिंह ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार रोइंग में पदक जीता है। इससे पहले उन्होंने 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में पुरुषों के क्वाड्रपल स्कल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। अब डबल स्कल्स में सलमान खान के साथ उनकी जोड़ी ने भारत को एक और पदक दिलाया।
2018 में शुरू हुआ सलमान का रोइंग करियर
उत्तर प्रदेश के अमेठी के रहने वाले सलमान खान ने साल 2018 में रोइंग करियर शुरू किया था। वह भारतीय सेना के बॉम्बे इंजीनियर ग्रुप में शामिल हुए थे। उनके कोचों ने उनकी क्षमता को पहचाना और उन्हें रोइंग टीम का हिस्सा बनाया। शुरुआती दौर में उन्होंने बटालियन और इंटर सेंटर प्रतियोगिताओं में पदक जीते।
-------------------------------------------------------------------------------------------
एक समय सलमान ने खेल छोड़ने के बारे में भी सोचा था, लेकिन कोचों के भरोसे ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्हें आर्मी रोइंग नोड में प्रशिक्षण का मौका मिला। साल 2023 में सलमान को टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम में शामिल किया गया। 2024 एशियन रोइंग कप में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उन्हें भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर प्रमोशन मिला।
हैंडबॉल के बाद सतनाम ने अपनाई रोइंग
पंजाब के मानसा जिले के पट्टा मालुका गांव के रहने वाले सतनाम सिंह ने रोइंग से पहले राष्ट्रीय स्तर पर हैंडबॉल खेला था। साल 2018 में ओलंपियन स्वर्ण सिंह विर्क की सलाह पर उन्होंने रोइंग को अपना खेल बनाया। इसके बाद उन्होंने तेजी से पहचान बनाई। सतनाम 2018 यूथ ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और सीनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में भी खिताब जीत चुके हैं।
सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार चौथे स्थान पर रहे
इस मुकाबले के साथ भारत को रोइंग में एक और पदक की उम्मीद थी। पुरुषों के सिंगल स्कल्स फाइनल में बलराज पंवार 6 मिनट 54.80 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। वह 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर चल रहे थे, लेकिन अंतिम 500 मीटर में पीछे हो गए। वहीं सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने कांस्य पदक जीतकर रोइंग में भारत के खाते में एक और पदक जोड़ दिया।

