उत्तर प्रदेशराज्य

मां ने गांजे के लिए 60 रुपये देने से किया इनकार, बेटे ने कुल्हाड़ी से काट दी गर्दन; 2 घंटे लाश के पास बैठा रहा आरोपी

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के कुलपहाड़ इलाके के रावतपुरा खुर्द गांव में एक युवक पर अपनी मां की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि महिला ने बेटे को गांजा खरीदने के लिए 60 रुपये देने से मना कर दिया था। इसके बाद गुस्से में युवक ने कुल्हाड़ी से मां की गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, 28 वर्षीय मोहन यादव नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर अक्सर अपनी 51 वर्षीय मां मूला देवी से विवाद करता था। बुधवार को भी उसने मां से 60 रुपये मांगे। मां ने पैसे नहीं होने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में मोहन ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर मां की गर्दन पर लगातार कई वार कर दिए।

हत्या के बाद करीब 2 घंटे तक शव के पास बैठा रहा आरोपी

वारदात के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं। बताया जा रहा है कि वह करीब 2 घंटे तक अपनी मां के खून से लथपथ शव के पास बैठा रहा। घटना का पता तब चला जब मृतका का बड़ा बेटा सोहन यादव नोएडा से गांव पहुंचा। वह अपनी पत्नी की डिलीवरी के सिलसिले में घर आया था। घर में मां का शव देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।

-------------------------------------------------------------------------------------------

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

सूचना मिलने के बाद कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी मोहन यादव को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। 60 रुपये को लेकर हुए इस विवाद के बाद महिला की हत्या की घटना से रावतपुरा खुर्द गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------