अश्लील वीडियो बनाकर 11 महीने तक ब्लैकमेल, महिला से दुष्कर्म का आरोप; गन्नौर में दीपक पर केस दर्ज
गन्नौर: गन्नौर थाना क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर डराने-धमकाने और उसकी अश्लील वीडियो बनाकर करीब 11 महीने तक ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में 33 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि दीपक ने धोखे से उसके साथ गलत काम किया और इसी दौरान उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसका लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।

16 अक्टूबर 2025 से 17 सितंबर 2026 तक धमकाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने 16 अक्टूबर 2025 से 17 सितंबर 2026 तक उसे लगातार ब्लैकमेल किया। महिला का आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने और जान से मारने की धमकियां देकर आरोपी उसके साथ गलत काम करता रहा।
लगातार मिल रही धमकियों और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने आखिरकार गन्नौर महिला थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
-------------------------------------------------------------------------------------------
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
थाना प्रभारी निरीक्षक बीर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी दीपक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

