राज्य

कुल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी बोलेरो कैंपर; 18 वर्षीय युवती की मौके पर मौत

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में कुल्लू-मनाली सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। वामतट के समीप देर रात एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

भडोगी गांव की ओर जा रहे थे युवक-युवती

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कुल्लू-मनाली सड़क पर वामतट के पास हुआ। मृतका की पहचान कविता (18) पुत्री देवी राम, निवासी घोट, पंचायत काईसा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कविता और आदर्श (22) पुत्र हेमराज, निवासी पालगी (गड़सा), देर रात भडोगी गांव की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान वामतट के समीप उनकी बोलेरो कैंपर (एचपी-34एफ-5819) हादसे का शिकार हो गई। वाहन के खाई में गिरने से कविता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

-------------------------------------------------------------------------------------------

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद इलाके में शोक की लहर है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------