गोंडा में पोषण पखवाड़े के तहत छात्राओं को बताए संतुलित आहार के फायदे, जंक फूड से बचने की दी सलाह

गोंडा: सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में 19 सितंबर 2026 को पोषण पखवाड़े के अंतर्गत गृह विज्ञान विभाग की ओर से ‘पोषण एवं संतुलित आहार’ विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रमा मौर्या रहीं।

पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का किया स्वागत
कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती रंजना बंधु, सुनीता मिश्रा और सुषमा सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. रमा मौर्या को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
कम खर्च में भी तैयार किया जा सकता है पौष्टिक भोजन
डॉ. रमा मौर्या ने छात्राओं को संतुलित आहार के अर्थ और उसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार का मतलब महंगे खाद्य पदार्थों का सेवन करना नहीं है। घर की रसोई और आसपास के खेतों में अनाज, दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल और कई अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ आसानी से उपलब्ध होते हैं।
उन्होंने कहा कि इन खाद्य पदार्थों को सही मात्रा और उचित अनुपात में शामिल करके कम खर्च में भी संतुलित और पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है।
आयरन और कैल्शियम की शरीर में भूमिका समझाई
मुख्य वक्ता ने छात्राओं को आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन और अन्य खनिज तत्वों की शरीर में भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयरन की कमी से एनीमिया, कमजोरी और थकान हो सकती है, जबकि कैल्शियम हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
उन्होंने छात्राओं को हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, गुड़, चना, तिल, दूध, दही और मौसमी फलों को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी।
स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला
डॉ. रमा मौर्या ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। जब परिवार की महिलाएं अपने पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगी, तभी वे पूरे परिवार के स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख सकेंगी।
उन्होंने छात्राओं को नियमित समय पर भोजन करने की सलाह देते हुए जंक फूड, अत्यधिक तले-भुने और पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से बचने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्या ने मुख्य अतिथि का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने डॉ. रमा मौर्या को ज्ञानवर्धक और उपयोगी व्याख्यान के लिए धन्यवाद दिया। इसके बाद मुख्य अतिथि को सुंदर पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज एडमिन डॉ. आनंदिता रजत सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और संतुलित आहार, पोषण तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

