Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

झंझरी में प्राथमिक शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, निपुण भारत मिशन के तहत पढ़ाई को और प्रभावी बनाने पर जोर

झंझरी: विकास खंड झंझरी के प्राथमिक स्तर के शिक्षक-शिक्षिकाओं के पांच दिवसीय प्रशिक्षण के तृतीय चरण का शुभारंभ नगर स्थित जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज में हुआ। प्रशिक्षण का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी झंझरी/नगर/मुख्यालय डॉ. समय प्रकाश पाठक ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. समय प्रकाश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों की सीखने की गुणवत्ता समय रहते बेहतर हो जाए तो वे आगे चलकर सफलता की ओर बढ़ते हैं। प्राथमिक शिक्षा बच्चों के शैक्षिक विकास की मजबूत नींव तैयार करती है और उनके भविष्य में मील का पत्थर साबित होती है। उन्होंने निपुण भारत मिशन के निर्धारित अधिगम लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सभी शिक्षकों से शत-प्रतिशत प्रयास करने का आह्वान किया।

एनईपी और निपुण भारत मिशन पर दिया जा रहा प्रशिक्षण

प्रशिक्षक एवं अंग्रेजी विषय की अकादमिक रिसोर्स पर्सन रिचा सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों को प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों को प्रभावी ढंग से पढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के दौरान 3 से 9 वर्ष की आयु के बच्चों को सरल तरीके से पढ़ना, लिखना और गणित के बुनियादी सवाल, जैसे जोड़-घटाव, समझाने की तकनीक पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

खेल-खेल में पढ़ाने और शिक्षण सामग्री के इस्तेमाल पर जोर

प्रशिक्षण में शिक्षकों को बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने के नए तरीकों से परिचित कराया जा रहा है। साथ ही बच्चों के स्तर के अनुरूप शिक्षण सामग्री का इस्तेमाल करने और उनकी सीखने की प्रगति पर लगातार नजर रखने के तरीके भी बताए जा रहे हैं।

इसका उद्देश्य बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता को मजबूत करना है, ताकि प्राथमिक स्तर पर ही उनके सीखने की नींव बेहतर तैयार हो सके।

छह चक्र में आयोजित होगा प्रशिक्षण

रिचा सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रत्येक चरण में दो कक्षाओं में 100 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाता है। यह प्रशिक्षण कुल छह चक्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की सीखने की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक तरीके उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

---------------------------------------------------------------------------------------------------