ट्रंप ने जिसे कहा था ‘जिहादी’, उसी ने जीता चुनाव, अमेरिकी सीनेट में पहुंचे अब्दुल अल-सैयद ने रचा इतिहास
वाशिंगटन: अमेरिकी चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन सीट पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। पेशे से डॉक्टर और प्रगतिशील नेता अल-सैयद अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले पहले मुस्लिम सांसद बन गए हैं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार और पूर्व कांग्रेस सदस्य माइक रोजर्स को हराया। खास बात यह है कि चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अल-सैयद पर जिहादी होने का आरोप लगाया था। ऐसे में उनकी जीत को ट्रंप के चुनावी अभियान के लिए भी एक बड़े राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है।जीत के बाद अल-सैयद ने मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा, “आपने मुझे अपने घरों, चर्चों और सिनेगॉग में स्वागत किया।” उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय उस जनआंदोलन को दिया, जिसे उन्होंने पिछले डेढ़ साल में मिशिगन के बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक प्रचार के जरिए खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में मतदाताओं ने उन्हें ताकत दी।
भारत से भी जुड़ा है अब्दुल अल-सैयद का परिवार
अब्दुल अल-सैयद का पारिवारिक रिश्ता भारत से भी है। उनकी पत्नी डॉ. सारा जुकाकू पेशे से मनोचिकित्सक हैं और उनका परिवार कर्नाटक से ताल्लुक रखता है। उनका पैतृक क्षेत्र मंगलुरु से करीब 140 किलोमीटर दूर बताया जाता है। सारा, शमशुद्दीन की पोती हैं। शमशुद्दीन ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बीडी जत्ती के कार्यकाल में मैसूर राज्य के वित्त उपमंत्री के रूप में काम किया था।
मिशिगन विश्वविद्यालय में हुई थी दोनों की मुलाकात
रोड्स स्कॉलर रहे अल-सैयद की मुलाकात सारा से मिशिगन विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुई थी। एक साक्षात्कार में उन्होंने दक्षिण भारतीय परिवार और संस्कृति से अपने जुड़ाव के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था, “मेरी शादी एक दक्षिण भारतीय परिवार में हुई है और मुझे 20 साल हो चुके हैं। अब मैं पूरी तरह से इसमें घुल-मिल गया हूं। सच कहूं तो शायद मैं अरबी होने से ज्यादा भारतीय हूं।”
ट्रंप ने चुनाव प्रचार में लगाए थे गंभीर आरोप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अल-सैयद के प्रमुख आलोचकों में शामिल रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उनके नाम और धर्म को लेकर भी टिप्पणियां की गई थीं। ट्रंप ने उन पर जिहादी होने का आरोप लगाया था। साथ ही कहा था कि सीनेट में प्रवेश करने के लिए उन्हें मेटल डिटेक्टर से गुजरना होगा।
वहीं, अल-सैयद ने अपने आलोचकों पर आरोप लगाया था कि वे गैस और किराने के सामान की बढ़ती कीमतों जैसे आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी चुनाव हार चुके हैं माइक रोजर्स
रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स पूर्व कांग्रेस सदस्य हैं और उन्हें डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल था। वर्ष 2024 में हुए सीनेट चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उस चुनाव में वह एलिसा स्लॉटकिन से करीब 0.3 प्रतिशत अंकों के अंतर से हार गए थे।
इस बार उनका मुकाबला अब्दुल अल-सैयद से था। अल-सैयद वेन काउंटी के पूर्व स्वास्थ्य निदेशक रह चुके हैं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राथमिक चुनाव में पार्टी की पसंदीदा उम्मीदवार हेली स्टीवंस को हराकर सबको चौंका दिया था।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
