यूपी में नया टोल प्लाजा खुलने से उत्तराखंड रोडवेज का किराया बढ़ा, हल्द्वानी से टनकपुर तक अब देने होंगे 5 रुपये ज्यादा
हरिद्वार: उत्तर प्रदेश की सीमा में नजीबाबाद मार्ग पर भागूवाला से आगे नया टोल प्लाजा शुरू होने के बाद उत्तराखंड रोडवेज की बसों का किराया बढ़ गया है। काशीपुर, रामनगर, रुद्रपुर, हल्द्वानी और टनकपुर समेत कई शहरों के लिए यात्रियों को अब प्रति टिकट पांच रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। किराये में इस बढ़ोतरी से यात्रियों में नाराजगी है।नया टोल प्लाजा बनने से बढ़ा बसों का खर्च
नजीबाबाद मार्ग पर भागूवाला से आगे उत्तर प्रदेश की सीमा में नया टोल प्लाजा बनाया गया है। इससे पहले रामनगर और काशीपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर दो टोल प्लाजा पड़ते थे। अब तीसरा टोल प्लाजा शुरू होने से उत्तराखंड रोडवेज की बसों का टोल खर्च बढ़ गया है। परिवहन विभाग ने इस अतिरिक्त खर्च का भार यात्रियों पर डालते हुए किराये में पांच रुपये की बढ़ोतरी कर दी है।
किराया बढ़ने से यात्रियों में नाराजगी
यात्रियों का कहना है कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने पर भी बसों का किराया बढ़ाया जाता है। अब टोल टैक्स के नाम पर भी उन्हें अतिरिक्त पैसे देने पड़ रहे हैं। बार-बार किराया बढ़ने से आम लोगों का बजट प्रभावित हो रहा है। यात्रियों ने यह भी सवाल उठाया कि अधिक किराया देने के बावजूद उन्हें कई जगह खराब सड़कों पर सफर करना पड़ता है।

काशीपुर निवासी राजेंद्र जोशी ने कहा कि कभी डीजल के दाम बढ़ने तो कभी टोल टैक्स के कारण किराये में इजाफा कर दिया जाता है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ता है।
हल्द्वानी निवासी हरजीत सिंह के मुताबिक, एक ही मार्ग पर कई टोल प्लाजा होने से यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। टोल टैक्स चुकाने के बाद भी खराब सड़कों पर सफर करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से जनहित में इस समस्या का समाधान करने की मांग की।

वहीं, रामनगर निवासी अरविंद सती ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान भी किराया बढ़ा दिया जाता है। साल में तीन-चार बार किराये में बढ़ोतरी होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने सरकारी बसों को टोल टैक्स से छूट देने की मांग की।
अब अलग-अलग शहरों के लिए कितना देना होगा किराया?
नए टोल प्लाजा के शुरू होने के बाद उत्तराखंड रोडवेज की बसों के किराये में प्रति यात्री पांच रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद विभिन्न शहरों के लिए नया किराया इस प्रकार है:
- काशीपुर: 290 रुपये से बढ़कर 295 रुपये
- रामनगर: 330 रुपये से बढ़कर 335 रुपये
- रुद्रपुर: 380 रुपये से बढ़कर 385 रुपये
- हल्द्वानी: 430 रुपये से बढ़कर 435 रुपये
- टनकपुर: 555 रुपये से बढ़कर 560 रुपये
- रूपहेडिया: 815 रुपये से बढ़कर 820 रुपये
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
