रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में आरती देवी वर्मा की पीएचडी मौखिकी संपन्न
बरेली,11अक्टूबर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के अंग्रेजी विभाग में शोध निर्देशक प्रो. डॉ. चारु मेहरोत्रा की शोधार्थी सुश्री आरती देवी वर्मा की पीएचडी उपाधि हेतु मौखिकी परीक्षा 10 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। शोधार्थी ने “Themes and Techniques in the Select Short Fiction of Ernest Hemingway” विषय पर अपना शोध प्रबंध प्रस्तुत किया। शोध में प्रसिद्ध अमेरिकी साहित्यकार अर्नेस्ट हेमिंग्वे की चयनित लघु कथाओं के प्रमुख विषयों, कथात्मक संरचना एवं साहित्यिक तकनीकों का अध्ययन किया गया है।
इस अवसर पर शोध निर्देशक प्रो. चारु मेहरोत्रा ने शोधार्थी के शोध कार्य की विषयवस्तु, साहित्यिक दृष्टिकोण एवं शोध प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अर्नेस्ट हेमिंग्वे की कहानियों का अध्ययन उनकी विशिष्ट कथन शैली, भाषा की संक्षिप्तता तथा मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति को समझने की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। विषय विशेषज्ञ प्रो. रश्मि अत्री ने शोध विषय के साहित्यिक एवं आलोचनात्मक पक्षों पर चर्चा करते हुए हेमिंग्वे की कथा-तकनीक, कथ्य और शिल्प के अंतर्संबंधों को समझने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने साहित्यिक कृतियों के अध्ययन में पाठ-आधारित विश्लेषण और स्वतंत्र आलोचनात्मक दृष्टि के महत्त्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर भाषाविज्ञान संकाय की अधिष्ठाता एवं अनुप्रयुक्त अंग्रेजी विभाग की प्रभारी अध्यक्ष प्रो. अनीता त्यागी ने शोध गतिविधियों को विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता और शोधपरक वातावरण को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण बताया। इस अवसर अनुप्रयुक्त अंग्रेजी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो० सुमित्रा कुकरेती भी उपस्थित रहीं।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

