देशराज्य

सत्य निकेतन हादसे में पांचवीं गिरफ्तारी, लीज पर PG चलाने वाला सुधांशु भी गिरफ्तार; पुलिस कर रही पूछताछ

नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने से 7 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने पांचवीं गिरफ्तारी की है। बिल्डिंग मालिकों और बेसमेंट में निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार के बाद अब पुलिस ने इमारत को लीज पर लेकर पीजी चलाने वाले सुधांशु को गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे यह पता लगाने में जुटी है कि जर्जर हालत वाली इमारत को उसने किन शर्तों पर लीज पर लिया था।

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर यह इमारत अचानक ढह गई थी। इमारत का इस्तेमाल छात्रों के लिए पेइंग गेस्ट आवास के तौर पर किया जा रहा था। हादसे के बाद मलबे से 12 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें 7 की मौत हो गई और 5 लोग घायल हुए।

पीजी संचालक सुधांशु से पूछताछ जारी

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पीजी संचालक सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उससे हादसे से पहले इमारत की स्थिति, लीज की शर्तों और पीजी संचालन से जुड़ी अन्य जानकारी हासिल की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इमारत की हालत खराब होने के बावजूद उसमें छात्रों के लिए पीजी किस आधार पर संचालित किया जा रहा था।

अब तक पांच लोगों पर पुलिस का शिकंजा

इस मामले में इससे पहले पुलिस इमारत की मालकिन 75 वर्षीय उर्मिला गुप्ता, उनके 81 वर्षीय पति और वायु सेना से सेवानिवृत्त हरिराम गुप्ता तथा उनके 52 वर्षीय बेटे महेश गुप्ता को गिरफ्तार कर चुकी है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

इसके अलावा इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम करा रहे ठेकेदार सोनाज को उत्तर प्रदेश के कासगंज से पकड़ा गया था। अब पीजी संचालक सुधांशु की गिरफ्तारी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।

सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली सरकार का सख्त एक्शन

हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने दिल्ली में पीजी और जर्जर इमारतों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। सत्य निकेतन में ढही इमारत के बगल वाली इमारत को भी तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसके साथ ही पूरी दिल्ली में संचालित पीजी का सर्वे कराया जा रहा है। एक ही दिन में एमसीडी की टीमें बड़ी संख्या में पीजी तक पहुंचीं और भवनों की स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री के आदेश पर एमसीडी के पांच अधिकारियों को निलंबित भी किया गया है। वहीं, अवैध इमारतों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई का आदेश दिया गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------