अमेरिका में बड़ा समुद्री हादसा, मिसीसिपी नदी में टैंकर से टकराकर डूबा क्रूज; 129 यात्री थे सवार
वाशिंगटन: अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसीसिपी नदी पर बड़ा समुद्री हादसा हुआ है। यहां 129 यात्रियों को लेकर जा रहा अमेरिकन क्रूज लाइन्स का यात्री जहाज एक बड़े टैंकर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूज जहाज एक तरफ झुकने के बाद पलट गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। हादसे के बाद तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। राहत की बात यह रही कि जहाज में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, 32 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दोपहर 12:30 बजे हुआ हादसा, 15 मिनट में डूबा क्रूज
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे मिसीसिपी नदी में यह दुर्घटना हुई। ‘अटलांटिक डामर’ नाम का टैंकर ‘अमेरिकन हेरिटेज’ पैडल बोट से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूज जहाज पलटने लगा और करीब 15 मिनट के भीतर नदी में समा गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय क्रूज जहाज करीब दो घंटे से नदी किनारे खड़ा था और यात्रियों के उतरने का इंतजार कर रहा था। न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जहाज पर सवार सभी यात्रियों की पहचान कर ली गई है।

32 यात्री घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल 32 यात्रियों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी भी घायल को गंभीर चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि टैंकर अनियंत्रित हो गया था, जिसके कारण वह क्रूज जहाज से जा टकराया।
घटना के चश्मदीद जेमी होल्फोर्ड ने मीडिया को बताया कि टक्कर से लेकर क्रूज जहाज के पलटने तक महज 15 मिनट का समय लगा। उन्होंने इस घटना को बेहद अविश्वसनीय बताया।
कोस्ट गार्ड और दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पोर्ट पुलिस, दमकल विभाग, अमेरिकी तटरक्षक बल और आपातकालीन चिकित्सा दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान के साथ घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

पोर्ट की प्रशासनिक इमारत के अंदर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार देने के लिए विशेष चिकित्सा क्षेत्र भी बनाया गया। एहतियात के तौर पर मिसीसिपी नदी में जहाजों की आवाजाही रोक दी गई।
क्रूज कंपनी ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की
क्रूज जहाज का संचालन करने वाली कंपनी अमेरिकन क्रूज लाइन्स ने बयान जारी कर बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कंपनी ने हादसे से प्रभावित सभी लोगों को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में टैंकर के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
