Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एफएलएन प्रशिक्षण के चौथे दिन निपुण आकलन पर जोर, राज्य परियोजना कार्यालय के परामर्शदाता ने शिक्षकों से किया संवाद

गोण्डा: विकासखंड झंझरी में चल रहे एफएलएन प्रशिक्षण 2026 के चतुर्थ दिवस का राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के गुणवत्ता प्रकोष्ठ के परामर्शदाता श्री मुदित जागीर ने अनुश्रवण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं से संवाद करते हुए निपुण आकलन, विद्यालयों में लगाए जाने वाले 19 पोस्टर एवं फ्लेक्स तथा प्रशिक्षण से जुड़ी विभिन्न बारीकियों पर चर्चा की।

परामर्शदाता श्री मुदित जागीर ने निपुण आकलन को लेकर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि निपुण आकलन निपुण प्लस एप के माध्यम से किया जाना है और सभी बच्चों का आकलन एप के माध्यम से होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एप पर उत्तर देने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा, उन्हें तकनीक के माध्यम से जवाब देने का साहस मिलेगा और उनका मनोबल भी ऊंचा होगा।

भाषा और गणित की पुस्तकों में बदलाव पर हुई चर्चा

प्रथम प्रशिक्षण हाल में एआरपी श्रीमती ऋचा सिंह ने प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों की जानकारी दी। उन्होंने जीरो सेशन के साथ कक्षा चार की भाषा एवं गणित की पुस्तकों में हुए बदलाव और शिक्षक संदर्शिकाओं में वर्णित शिक्षण विधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

आरपी श्री मुकेश जायसवाल ने भी प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण से जुड़ी विभिन्न बारीकियों को समझाने का प्रयास किया और प्रभावी ढंग से शिक्षण गतिविधियों को संचालित करने पर जानकारी साझा की।

-------------------------------------------------------------------------------------------

प्रशिक्षण के सत्रों की जानकारी लेकर शिक्षकों से पूछे सवाल

दूसरे प्रशिक्षण हाल में एआरपी श्री नरेंद्र गुप्ता, श्रीमती रेनू तिवारी और श्रीमती नीतू ने अब तक पूर्ण हुए सत्रों का परिचय कराया। इस दौरान परामर्शदाता की ओर से प्रतिभागियों से विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका शिक्षक-शिक्षिकाओं ने समुचित उत्तर दिया।

श्री मुदित जागीर ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को राज्य परियोजना कार्यालय से प्राप्त टूल्स और संसाधनों का अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इन टूल्स और संसाधनों का उपयोग शैक्षिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के साथ ही बेहतर शैक्षिक परिणाम हासिल करने में भी उपयोगी है।

राज्य संदर्भ समूह के सदस्य भी रहे मौजूद

प्रशिक्षण के अनुश्रवण के दौरान राज्य संदर्भ समूह के तीन सदस्य श्रीमती विनीता कुशवाहा, श्री कृष्ण बिहारी लाल और श्री कमलेश पांडे भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण की गतिविधियों का जायजा लिया और प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ प्रशिक्षण से जुड़े विषयों पर संवाद किया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------