उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

लखनऊ में अपना प्लॉट लेने का सुनहरा मौका, 6 हजार भूखंडों की बुकिंग होगी शुरू; सीएम योगी करेंगे दो योजनाओं का शुभारंभ

लखनऊ: राजधानी में अपना प्लॉट खरीदने का इंतजार अब खत्म होने वाला है। गणेश चतुर्थी के मौके पर लखनऊ विकास प्राधिकरण की नैमिष नगर और वरुण बिहार आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों योजनाओं का शिलान्यास करेंगे और इसी दिन प्लॉटों की बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू होने की उम्मीद है। संभावना है कि 13 या 14 सितंबर को दोनों योजनाओं का औपचारिक शुभारंभ होगा। दोनों योजनाओं में 72 से 450 वर्गमीटर तक के भूखंड उपलब्ध होंगे।

एक साथ 6 हजार भूखंडों के लिए खुलेगा पंजीकरण

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, दोनों योजनाओं में करीब छह हजार भूखंडों की बुकिंग एक साथ खोली जाएगी। गणेश चतुर्थी के दिन से ही ऑनलाइन पंजीकरण शुरू करने की तैयारी है। एलडीए ने मुख्यमंत्री से योजनाओं के शुभारंभ के लिए समय मांगा था, जिस पर गणेश चतुर्थी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने की सहमति मिली है।

शहर के विस्तार को नई दिशा देंगी दोनों योजनाएं

वरुण विहार आवासीय योजना आगरा एक्सप्रेसवे के पास करीब 6,580 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। वहीं नैमिष नगर योजना सीतापुर रोड पर लगभग 3,600 एकड़ क्षेत्र में आकार ले रही है। दोनों योजनाओं को राजधानी के विस्तार और सुनियोजित शहरी विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

72 से 450 वर्गमीटर तक के भूखंड

दोनों योजनाओं में अलग-अलग आय वर्गों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। भूखंड 18 मीटर से लेकर 45 मीटर चौड़ी सड़कों पर स्थित होंगे। इससे आवासीय सुविधाओं के साथ बेहतर यातायात और व्यवस्थित विकास की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

21 से 22 लाख रुपये से शुरू होगी कीमत

एलडीए ने दोनों योजनाओं के भूखंडों की दरें निर्धारित कर दी हैं। वरुण विहार में प्लॉट करीब 2,800 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से मिलेंगे, जबकि नैमिष नगर में यह दर लगभग 3,200 रुपये प्रति वर्ग फुट होगी। बेहतर स्थान और विकसित आधारभूत सुविधाओं को देखते हुए इन दरों को प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है। सबसे छोटे भूखंड की कीमत करीब 21 से 22 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है।

सई नदी पर बनेगा दो लेन का पुल

राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और जाम की समस्या कम करने के लिए हरौनी और भटगवां पाण्डेय के बीच हुलासखेड़ा के सामने सई नदी पर दो लेन का पुल बनाने की भी तैयारी है। शासन स्तर से इसके निर्माण को सहमति मिल चुकी है। करीब 19.94 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस पुल की कुल लंबाई 1571.23 मीटर होगी। इसमें सई नदी के ऊपर बनने वाले मुख्य पुल की लंबाई 90 मीटर होगी।

क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह ने पुल निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। शासन के निर्देश पर सेतु निगम ने निर्माण का खाका तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेजा था। 26 अगस्त को शासन ने इस प्रस्ताव पर सहमति दे दी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, अगले एक-दो महीने में वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------