रिश्वत मामले में निलंबित DIG भुल्लर की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, स्वतंत्र गवाह के माता-पिता को मिली धमकी
चंडीगढ़: रिश्वत मामले में गिरफ्तार पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चंडीगढ़ की सीबीआई अदालत में सुनवाई के दौरान एक स्वतंत्र गवाह के माता-पिता को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। परिवार को कथित तौर पर गवाह पर आरोपियों के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने के लिए निशाना बनाया गया। इस घटना से अदालत में मौजूद दूसरे गवाह भी घबरा गए।
सीबीआई ने अदालत को दी धमकी की जानकारी
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान सीबीआई के सरकारी वकील नरेंद्र सिंह ने अदालत को बताया कि जम्मू में रह रहे एक अन्य स्वतंत्र गवाह के माता-पिता को धमकी मिली है। आरोप है कि गवाह को अदालत में आरोपियों के पक्ष में बयान देने के लिए दबाव में लाने की कोशिश की गई।

सीबीआई के मुताबिक, संबंधित गवाह ने ई-मेल के जरिए इस घटना की जानकारी जांच एजेंसी को दी है।
धमकी की खबर से अदालत में मौजूद गवाह घबराया
अदालत में मौजूद एक अन्य गवाह ने भी दूसरे गवाह के परिवार को धमकी मिलने की जानकारी होने की पुष्टि की। इस घटना के बाद वह तनाव और असहजता में दिखाई दिया।

गवाह की स्थिति को देखते हुए विशेष सीबीआई जज भावना जैन ने कुछ समय तक उसकी काउंसलिंग कराई। उसे सहज करने के बाद बिना किसी डर के बयान देने के लिए समझाया गया। इसके बाद अदालत में गवाही की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
मुख्य गवाही पूरी, 25 नवंबर को फिर होगी पेशी
शुक्रवार को अदालत में मौजूद गवाह की मुख्य गवाही पूरी हो गई। हालांकि, आरोपी कृष्णु शारदा के वकील की मांग पर जिरह अगली सुनवाई तक टाल दी गई। अदालत ने संबंधित गवाह को 25 नवंबर को दोबारा पेश होने का आदेश दिया है। अब इस तारीख पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
