यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर कम होने का योगी का दावा, बोले- मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हर हाल में हटाएं
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि प्रदेश की मतदाता सूची में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर कम हो गए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से नए और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ ही मतदाता सूची में कथित रूप से शामिल घुसपैठियों के नाम हटवाने के लिए अभियान चलाने को कहा है।एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे: योगी
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी पहली बार वोट डालने वाला युवा या पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं की शादी के बाद मायके की मतदाता सूची से नाम कट गया है, लेकिन ससुराल की सूची में नाम दर्ज नहीं हुआ है, उनका नाम जुड़वाया जाए। 18 साल का कोई भी युवा मतदाता बनने से न छूटे। इसके अलावा ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम हैं, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल हों।

योगी ने कहा कि मतदाता सूची में कुछ लोग घुसपैठियों की तरह शामिल हो गए हैं। ऐसे नामों को हटाने की जरूरत है। उन्होंने हर पात्र हिंदू मतदाता का नाम सूची में शामिल कराने पर भी जोर दिया।
कम अंतर से जीती गई सीटों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अलीगढ़ की कोल समेत उन विधानसभा सीटों का गणित समझाया, जहां पिछले चुनाव में जीत और हार का अंतर कम रहा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब दो दर्जन ऐसी सीटें हैं, जहां कम अंतर से चुनावी नतीजे तय हुए।
योगी ने दावा किया कि हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट कटे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आपत्ति भाजपा को करनी चाहिए थी, लेकिन विपक्ष बेवजह शोर मचा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभी मतदाता सूची में सुधार के लिए सही समय है। बाद में प्रयास करने पर परेशानी हो सकती है, इसलिए सभी लोग अभियान में जुट जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं के लाखों लाभार्थियों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। ऐसे लोगों के नाम खोजकर जुड़वाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी मिलकर प्रयास करेंगे तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
19 नवंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा भाजपा का अभियान
भाजपा प्रदेश में एक महीने का मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी। यह अभियान 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक आयोजित होगा। पार्टी ने 22, 23 और 24 नवंबर को प्रदेश के सभी बूथों पर विशेष गतिविधियां चलाने की तैयारी की है।
प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक और वार्ड सदस्य से लेकर मंत्री तक पार्टी के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि सक्रिय रहेंगे। उनका लक्ष्य नए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना होगा।

निर्वाचन आयोग की ओर से 17 नवंबर को संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रारूप सूची जारी होने के बाद भाजपा 19 नवंबर से घर-घर जाकर छूटे हुए नामों की पहचान करने का अभियान शुरू करेगी।
महिला और युवा मोर्चा भी चलाएंगे विशेष अभियान
भाजपा ने अभियान के तहत अलग-अलग मोर्चों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। महिला मोर्चा 28, 29 और 30 नवंबर को घर-घर जाकर महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएगा।
वहीं, युवा मोर्चा एक, दो और तीन दिसंबर को पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम जुड़वाने पर विशेष ध्यान देगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर जिलों में 16, 17 और 18 नवंबर को बैठकें होंगी। इसके बाद विधानसभा स्तर की बैठकें 19, 20 और 21 नवंबर को आयोजित की जाएंगी। 22 से 24 नवंबर तक प्रदेश के सभी बूथों पर विशेष अभियान चलेगा। 13 दिसंबर को समीक्षा बैठकें होंगी। पूरे अभियान की निगरानी प्रदेश भाजपा मुख्यालय से की जाएगी।
सहकारिता विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री जेपीएस राठौर ने प्रस्तुतीकरण के जरिए अभियान की रूपरेखा समझाई। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
