जानिए 16 खूबसूरत देशों के बारे में, जहाँ भारतीयों को घूमने के लिए वीज़ा की जरूरत नही
Visa Free Countries for Indians – दोस्तों, एक समय ऐसा भी था, जब विदेश घूमने जाने की प्लानिंग बनानी हो, तो सबसे बड़ी समस्या वीजा पाने की होती थी। वीजा लेने के लिए बहुत कोशिशें करनी पड़ती थीं जैसे, लंबी कतारों में खड़े रहना, कई सारे डाक्यूमेंट्स तैयार करना, तरह-तरह के सवाल जवाब और फिर वीजा के पेपर का कई महीनों तक इंतज़ार करते-करते लोग थक जाते थे।
पर अब ऐसा बिल्कुल नहीं है। ख़ुशी की बात तो ये है कि भारत के पासपोर्ट धारकों को बहुत से देशों से फ्री एंट्री या वीजा ऑन अराइवल की सुविधा मिलती है और कई देशों में तो भारतीय पर्यटकों को बिना वीजा के ही एंट्री प्राप्त हो जाती है।
राज्यसभा में सरकार की तरफ से दी गई जानकारी पर्यटकों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। एक प्रश्न के लिखित जवाब में विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन ने बताया कि दुनिया के 16 देशों में भारतीय पासपोर्ट पर वीज़ा-फ्री यात्रा की सुविधा उपलब्ध है। इतना ही नहीं, विदेश राज्यमंत्री ने ये भी बताया कि 43 देश ऐसे हैं जो भारतीयों को वीज़ा ऑन अराइवल की सुविधा देते हैं जबकि 36 ऐसे देश जो भारतीय पासपोर्ट रखने वालों को ई-वीज़ा की सुविधा देते हैं। हालांकि, अभी कोरोना वायरस की वजह से कई देशों ने यात्रा प्रतिबंध लगा रखा है लेकिन ये पाबंदी हटते ही आप इन देशों की सैर बिना वीजा के झंझट के कर सकते हैं।
आइए जानते हैं कौन से हैं वो 16 देश जहां भारतीय बिना वीज़ा के घूम सकते हैं:
1. मालदीव्स
द्वीपों का देश मालदीव्स भी भारतीय पर्यटकों को वीज़ा-फ्री यात्रा की सुविधा देता है। मालदीव्स दुनिया में सबसे ज़्यादा पंसद किए जाने वाले देशों में से एक है, ये बहुत से लोगों का फेवरेट डेस्टिनेशन है। बॉलीवुड व हॉलीवुड की बड़ी-बड़ी हस्तियाँ भी मालदीव्स जा चुके हैं। यदि आप भी यहाँ जाना चाहते हैं तो आपको ये सुनकर ख़ुशी होगी की इस द्वीपों के खूबसूरत देश में भारतीय पर्यटकों को बिना वीज़ा के यात्रा की सुविधा उपलब्ध की गई है।
2. मॉरीशस (Mauritius)
भारतीय पासपोर्ट धारकों को मॉरीशस भी वीज़ा फ्री एंट्री देता है और यह 90 दिनों के लिए वैध होता है। पर्यटकों के पास रिटर्न टिकट और पर्याप्त बैंक बैलेंस जरूर होना चाहिए। यदि आपको समुद्र के पास रहना पसन्द है तो आपको मॉरीशस ज़रूर जाना चाहिए।
3. भूटान (Bhutan)
भारत का पड़ोसी देश भूटान पर्यटकों की पसंदीदा जगह है। भारतीयों को भूटान जाने के लिए वीज़ा की जरूरत नहीं पड़ती है। पासपोर्ट या कोई दूसरी वैध आईडी ही पर्याप्त है और आप बिना वीजा के यहाँ घूम सकते हैं।
4. बारबाडोस (Barbados)
बारबाडोस देश प्रकृति की गोद में समुद्र किनारे बसा एक खूबसूरत देश है, जो की प्रशांत महासागर के पश्चिम में कैरेबियन द्वीप पर बसा हुआ है। यहां भारतीयों को बिना वीज़ा घूमने की सुविधा है।
5. हॉन्ग कॉन्ग (Hong Kong)
यहाँ भी ऐसे बहुत से दर्शनीय स्थल हैं, जिनको देखने के लिए बहुत दूर-दूर से यात्री आया करते हैं। हॉन्ग कॉन्ग एसएआर में भी भारतीय वीज़ा के बिना ही घूमने जा सकते हैं।
6. डोमिनिका (Dominica)
ये देश भी विश्व के सर्वाधिक सुंदर देशों में से एक माना जाता है, जो कैरेबियन सागर में स्थित है। यहाँ भी आपको वीजा फ्री एंट्री की सुविधा मिलती है।
7. सर्बिया (Serbia)
सर्बिया के शहरों से भव्यता झलकती है और यहाँ के गाँवों से यहाँ की संस्कृति की सौंधी ख़ुशबू उठती है। नेचर लवर्स के लिए तो यहाँ बहुत-सी अचरज भरी चीज़ें हैं। बता दें कि सर्बिया भारतीय नागरिकों को वीज़ा फ़्री एंट्री की अनुमति देने वाला प्रथम यूरोपीय देश है, इसलिए यहाँ जाने के लिए आपको सिर्फ़ पासपोर्ट व फ्लाइट टिकट की आवश्यकता होगी। भारतीय नागरिक यहाँ 30 दिनों तक बिना वीज़ा के रह सकते हैं।
8. ग्रेनाडा (Grenada)
ग्रेनाडा बहुत से छोटे-छोटे द्वीपों से मिलकर बना खूबसूरत देश है, यहाँ पर भी भारतीय नागरिकों को वीज़ा-फ्री यात्रा की सुविधा उपलब्ध है। यहाँ आप 90 दिनों के लिए बिना वीजा यात्रा का आनंद ले सकते हैं
9. हैती (Haiti)
हैती एक कैरेबियन देश है, जो कि अपनी प्राचीन संस्कृति व परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ भी भारतीयों को बिना वीज़ा 90 दिनों तक रहने की सुविधा मिलती है।
10. मोंटेसेराट (Montserrat)
मोंटेसेराट सारे विश्व में पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। खासतौर पर रोमांच पसंद करने वाले लोगों को तो यह जगह बहुत पसन्द आती है। आप भी यहाँ जाना चाहते हैं तो बता दें कि बिना वीज़ा के झंझट आप यहाँ जा सकते हैं।
11. नेपाल (Nepal)
हिमालय के बीच बसे हुए हमारे खूबसूरत पड़ौसी देश नेपाल देश में घूमने के लिए भी आपको वीज़ा की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, क्योंकि भारतीय नागरिकों के लिए नेपाल में भी वीज़ा फ्री यात्रा की सुविधा दी गई है।
12. नियू आइलैंड (Niue Island)
स्वर्ग-सी सुंदर इस जगह पर बहुत दूर से लोग वेकेशन में आया करते हैं। यहाँ का इस शांत व सुखद वातावरण सभी को आकर्षित करता है। इस जगह पर जाने के लिए भी आपको वीज़ा की ज़रूरत नहीं होगी।
13. सेंट विसेंट (Saint Vincent)
सेंट विसेंट में भी भारतीय पर्यटकों के लिए वीज़ा फ्री यात्रा की सुविधा दी गयी है। यहाँ पर आप 30 दिनों तक रह सकते हैं। यहाँ जाकर आप इसके प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठा पाएंगे और अत्यंत सुकून का अनुभव करेंगे।
14. समोआ (Samoa)
समोआ में भी भारतीय बिना वीज़ा के प्रवेश कर सकते हैं। यह जगह अपनी खूबसूरती के साथ स्वादिष्ट पकवानों के लिए भी प्रसिद्ध है।
15. सेनेगल (Senegal)
यहाँ घूमने जाने के लिए भी आपको वीज़ा की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, बिना वीज़ा यहाँ पर भारतीय पर्यटक 90 दिनों तक स्टे कर सकते हैं। हाँ, लेकिन यहाँ रहने के लिए आपका पासपोर्ट आपके पहुँचने की तारीख से 3 महीने तक वैध होना आवश्यक है।
16. त्रिनिदाद ऐंड टोबैगो (Trinidad and Tobago)
अगर आप भी पार्टी लवर हैं तो आपके लिए त्रिनिदाद ऐंड टोबैगो बेस्ट प्लेस रहेगा। इस जगह पर भी भारतीय यात्री वीज़ा के बिना ही घूम सकते हैं। बता दें कि त्रिनिदाद ऐंड टोबैगो में आप 90 दिनों तक रुक सकते हैं।