Saturday, November 7, 2026
उत्तर प्रदेशराज्य

दो दिन अयोध्या में रहेंगे CM योगी, दीपोत्सव में रामलला के राजतिलक से सरयू आरती तक होंगे शामिल; ड्रोन-लेजर शो भी देखेंगे

अयोध्या: 10वें दीपोत्सव के आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार और रविवार को दो दिन अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वह भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के स्वागत, राजतिलक, पुष्पवर्षा और दीप प्रज्ज्वलन समेत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। रामनगरी में दीपोत्सव के अवसर पर धार्मिक परंपराओं के साथ आधुनिक तकनीक का नजारा भी देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी पर दीपों की सजावट के अलावा प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा।

झांकियों का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे।

इसके बाद रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

राम की पैड़ी पर करेंगे सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन

रामकथा पार्क के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचेंगे। यहां वह मां सरयू की आरती करेंगे और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दीपों से जगमगाती राम की पैड़ी पर प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए भगवान श्रीराम की गाथा दिखाई जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन और लेजर शो भी आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर बने मंच से लोगों को संबोधित भी करेंगे।

हरित आतिशबाजी और रामलीला का भी लेंगे आनंद

राम की पैड़ी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वह दोबारा रामकथा पार्क जाएंगे, जहां रामलीला का मंचन देखेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, रात में मुख्यमंत्री का सरयू अतिथि गृह में विश्राम होगा।

दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में धार्मिक अनुष्ठानों, रामलीला, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन के साथ लेजर तथा ड्रोन शो जैसे आयोजन होंगे। इससे रामनगरी में परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा।

 

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be