Saturday, November 7, 2026
उत्तर प्रदेश

‘श्रीराम जन्मभूमि पर जब दीप जलें, तो घर-आंगन भी रोशन करें’, 10वें दीपोत्सव पर CM योगी की प्रदेशवासियों से अपील

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली और अयोध्या में आयोजित होने वाले 10वें दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब श्रीराम जन्मभूमि पर दीप प्रज्ज्वलित हों, तब सभी अपने घरों और आंगन में भी दीप जलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महापर्व है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि सरयू तट पर बसी अयोध्या नगरी उल्लास, गौरव और भक्ति के महापर्व ‘दिव्य दीपोत्सव’ के लिए पूरी तरह सज्जित है। उन्होंने इसे वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतिफल बताया।

दीपोत्सव में शामिल होंगे देश-विदेश के विशिष्ट अतिथि

योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव में शामिल होने आ रहे उपराष्ट्रपति, मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों, साधु-संतों और देश-विदेश से पहुंचने वाले रामभक्तों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि समता, समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना इस आयोजन को विशेष बनाती है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से धर्म, मर्यादा और प्रकाश के इस पर्व का साक्षी बनने का आह्वान किया।

‘दीपक चेतना के जागरण का प्रतीक’

मुख्यमंत्री ने दीपक को केवल मिट्टी का पात्र नहीं, बल्कि चेतना के जागरण का प्रतीक बताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि दीपक का संदेश है कि अंधकार से लड़ने के बजाय एक ज्योति जलाने की जरूरत होती है, जिसके प्रकाश से अंधकार दूर हो जाता है।

10वें दीपोत्सव को बताया सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति में मनाया जाने वाला दीपोत्सव इस नगरी की सांस्कृतिक परंपरा और आस्था का प्रतीक है। इस बार सरयू को साक्षी मानकर अयोध्या में 10वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में सरयू तट पर शुरू हुई दीपोत्सव की परंपरा ने अयोध्या को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके मुताबिक, यह आयोजन केवल दीपों की रोशनी और विश्व कीर्तिमानों तक सीमित नहीं है, बल्कि अयोध्या के सांस्कृतिक वैभव, सनातन परंपरा और सामाजिक स्वावलंबन से भी जुड़ा है।

राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के 10वें संस्करण के अवसर पर लोगों से प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की अपील की। उन्होंने ऐसे रामराज्य की कल्पना का संदेश दिया, जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और आस्था, समरसता तथा सेवा की भावना निरंतर बनी रहे।

 

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be